श्रीडूंगरगढ़ ONE 19 जनवरी 2026। सोमवार को भारती कोचिंग एंड डिफेंस एकेडमी श्रीडूंगरगढ़ में एसएससी जीडी में चयनित विद्यार्थियों का सम्मान समारोह पूर्वक किया गया। एकेडमी के पहले बैच से अंतिम रूप से चयनित होने वाले बाबूलाल प्रजापत श्रीडूंगरगढ़, शिवलाल गोदारा उदरासर, राजूराम सींवल मोमासर, रामप्रताप गोदारा धोलिया, राकेश सारण जालबसर का फुलमाला व साफा पहना कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर प्रेस क्लब के महासचिव एवं श्रीडूंगरगढ़ ONE के विशाल स्वामी रहें। स्वामी ने ओजस्वी संबोधन से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार किया। स्वामी ने नियमित व निरंतर तैयारी की प्रेरणा देते हुए कहा कि अब श्रीडूंगरगढ़ जैसे कस्बे में उच्च स्तरीय टीम के साथ तैयारी का अवसर उपलब्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता के त्याग और मेहनत का सम्मान करते हुए समय का सदुपयोग करने और लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा रखने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मनमोहन भारतीय सीईओ भारती निकेतन ने विद्यार्थियों को सही मार्ग पर चलते हुए अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच से सफलता प्राप्त करने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो कठिनाइयों को अवसर में बदलना जानते हैं। विशेष अतिथि राज सर ने मंच संचालन करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति जुनून पैदा करने की बात कही। एकेडमी डायरेक्टर के.आर. फौजी ने सभी का आभार जताते हुए परीक्षार्थियों को भर्ती प्रक्रिया में चल रहे विभिन्न फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह देते हुए स्पष्ट कहा कि मेहनत, ईमानदारी और लगन के अलावा सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने अल्प समय में प्राप्त एकेडमी की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। कार्यक्रम में जगदीश महिया ने विभिन्न भर्तियों की कटऑफ और चयन आंकड़ों को प्रस्तुत कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारण के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कृष्ण स्वामी, गिरधर स्वामी, डिफेंस स्टाफ नंदलाल शर्मा सहित अनेक मौजिज लोग विद्यार्थियों के अभिभावक व विद्यार्थी उपस्थित रहें।