डूंगरगढ़ one 27 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। प्रारम्भिक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में राजकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के साथ विभिन्न विद्यालयों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रवेशोत्सव की प्रगति, शैक्षणिक गुणवत्ता, आउट ऑफ स्कूल बच्चों का नामांकन तथा नामांकन वृद्धि की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
निदेशक ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, धीरदेसर चोटियान का निरीक्षण करते हुए पाया कि अध्यापक मोहम्मद रफीक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित थे। इस पर उनके खिलाफ राजस्थान असैनिक सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 17 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, धीरदेसर चोटियान में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के अव्यवस्थित संचालन पर प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, लंबे समय से अन्य कार्यालयों में कार्यरत रहने और बार-बार निर्देशों के बावजूद विद्यालय में कार्यग्रहण नहीं करने पर मुकेश कुमार झरवाल को तत्काल निलंबित करने के आदेश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लिखमादेसर में भी प्रवेशोत्सव एवं शैक्षणिक व्यवस्था में कम प्रगति पाई गई। इस पर विद्यालय के प्राचार्य लक्ष्मीकांत वर्मा के विरुद्ध भी नियम 17 के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान निदेशक ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा आयोजित संस्था प्रधानों की संगोष्ठी को संबोधित किया। उन्होंने सभी प्राचार्यों को प्रवेशोत्सव को प्रभावी बनाने, आउट ऑफ स्कूल एवं आंगनबाड़ी में अध्ययनरत बच्चों का शीघ्र नामांकन सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।