श्रीडूंगरगढ़ श्रीडूंगरगढ़ ONE 14 अप्रैल 2026। आगामी 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक राजस्थान में जनगणना का प्रथम चरण आयोजित किया जाएगा। इस चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपन्न किया जाना है। श्रीडूंगरगढ़ में विभागीय स्तर पर तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। ये भारत की 16वीं जनगणना तथा स्वतंत्र भारत की आठवीं जनगणना होगी। यह जनगणना जनगणना अधिनियम, 1948 एवं जनगणना नियम, 1990 (समय-समय पर संशोधित) के तहत संपन्न कराई जाएगी।
विशेष रूप से, स्वतंत्र भारत की यह पहली जनगणना होगी जो पूर्णतः डिजिटल मोड में आयोजित की जाएगी। तहसीलदार एवं जनगणना चार्ज अधिकारी, श्रीडूंगरगढ़ श्रीवर्द्धन शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं गणना) से पूर्व जनगणना ब्लॉकों का निर्धारण किया जा चुका है। प्रगणकों द्वारा इसी निर्धारित जनगणना ब्लॉकों के अंतर्गत कार्य किया जाएगा। जनगणना निदेशालय राजस्थान के निर्देशानुसार, लगभग 700 से 800 की जनसंख्या अथवा 150 से 180 मकानों के आधार पर एक मकान सूचीकरण ब्लॉक का गठन किया गया है। इस आधार पर श्रीडूंगरगढ़ ग्रामीण क्षेत्र में 441 मकान सूचीकरण ब्लॉक का निर्माण किया गया है। प्रत्येक ब्लॉक के लिए एक प्रगणक नियुक्त किया गया है जो की प्रथम चरण की अंतर्गत मकान की गणना करेगा।
उपखंड जनगणना अधिकारी शुभम शर्मा ने बताया कि जनगणना निदेशालय की इस पहल के तहत दिनांक 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक आम नागरिक भी अपनी स्व गणना कर सकेंगे। आम नागरिकों की सुविधा के लिए निदेशालय द्वारा एक वेब पोर्टल विकसित किया गया है। जिसका लिंक http://se.census.gov.in जारी किया गया है। इस पोर्टल पर स्व जनगणना के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने स्वयं के मकान के बारे में जानकारी भर सकेगा यह कार्य मकान सूचीकरण कार्य प्रारंभ होने से पूर्व अर्थात 15 मई तक किया जा सकेगा। यह पोर्टल अंग्रेजी हिंदी सहित 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। पूर्ण रूप से जानकारी भरने पर उन्हें एक रेफरेंस नंबर प्राप्त होगा जिसे घर-घर सर्वे के दौरान आने वाले प्रगणक को बताना होगा, तथा प्रगणक अपने HLO ऐप के माध्यम से उसे सत्यापित करेंगे।
जनगणना कार्य हेतु नियुक्त नियमित सहायक ने बताया कि तहसील स्तर पर प्रथम चरण हेतु 441 ब्लॉक में 339 प्रकरण को नियुक्त किए गया है तथा 76 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं तथा साथ ही 08 फील्ड ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं। जनगणना निदेशालय द्वारा सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों हेतु में माह के प्रथम सप्ताह में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।