डूंगरगढ़ one 20 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोमासर में खण्ड स्तरीय मासिक बैठक का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध के निर्देशन में किया गया। बैठक में खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सोनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की गतिविधियों व सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
डॉ. सोनी ने कहा कि पिछले वर्ष जिन चिकित्सा संस्थानों की प्रगति लक्ष्यानुरूप नहीं रही, वे इस वर्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें। उन्होंने डेंगू, मलेरिया सहित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्य योजना बनाकर सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक में हीट वेव (लू) से बचाव को लेकर भी चर्चा की गई। सभी चिकित्सा संस्थानों में कूलर, पंखे, ठंडे पानी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश चिकित्सा अधिकारियों को दिए गए।
इस दौरान उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वा.) डॉ. लोकेश गुप्ता व जिला क्षय रोग निवारण अधिकारी डॉ. सी. एस. मोदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।