डूंगरगढ़ one 20 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग, बीकानेर द्वारा आयोजित युवा संबल मेला युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार का मजबूत मंच बनकर उभरा। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और विभिन्न कौशल प्रशिक्षण व रोजगार योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने कहा कि आज के समय में केवल डिग्री काफी नहीं है, बल्कि व्यावहारिक और तकनीकी कौशल ही स्थायी रोजगार दिलाने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण से युवा न सिर्फ नौकरी पा सकता है, बल्कि खुद का रोजगार शुरू कर दूसरों को भी रोजगार दे सकता है।
सरकारी योजनाओं से जुड़ने का आह्वान
सुथार ने युवाओं से सरकार की कौशल विकास योजनाओं से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर भारत की नींव मजबूत करें।
युवाओं को रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता
जिला कलेक्टर नम्रता वैष्णव ने कहा कि सरकार का फोकस युवाओं को स्किल्ड बनाकर उन्हें रोजगार से जोड़ने पर है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक जेठानंद व्यास, शहर जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ सहित कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। मेले के दौरान युवाओं को विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और रोजगार अवसरों की जानकारी दी गई। अतिथियों ने आयोजन को युवाओं के भविष्य के लिए उपयोगी पहल बताया।