WhatsApp Menu
एसआई रतनलाल ने एमडी के साथ हिस्ट्रीशीटर को धर दबोचा  |  इकरारनामा किया किसी ओर से खेत बेच दिया किसी ओर को, हड़प ली रकम, एक महिला सहित 6 पर लगाए आरोप, मामला दर्ज  |  रात के अंधेरे में खजड़ी पर चली आरी, दो दर्जन से अधिक पेड़ काट डाले, ग्रामीणों में रोष  |  महिलाओं ने रखा आस माता का व्रत, कहानी सुनकर सुख समृद्धि की कामना की  |  6 मार्च 2026 का पंचांग, साथ जाने और भी कई खास बातें आचार्य श्रीडूंगरगढ़ ONE के साथ।  | 

शनिवार सुबह बाबा का दिव्य श्रृंगार व महाआरती हुई, लगाए छप्पन प्रकार के भोग, 36 घंटे लगातार खुला है दरबार, 2 लाख से अधिक श्रद्धालु करेंगे दर्शन

श्रीडूंगरगढ़, 30 अगस्त 2025। पूनरासर गांव आज आस्था के रंग में सराबोर है। भादवा मेले के मुख्य दिवस पर मानो जनसैलाब उमड़ पड़ा है। दूर-दूर से आए श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए आतुर हैं। हाथों में लाल ध्वजा लिए, मुख पर बाबा की जय-जयकार करते भक्त, वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं। कोई दंडवत प्रणाम करता नज़र आ रहा है, तो कोई नंगे पैर ही बाबा को धोक लगाने चला आ रहा है। श्रद्धा और प्रेम से भरे भक्त अपने साथ चूरमे और लड्डू के थाल लिए पहुँच रहे हैं।

इस अवसर पर हज़ारों परिवार पैदल यात्रा कर यहाँ पहुंचे हैं, वहीं सैकड़ों पैदल संघ भी बाबा के दर्शनों के लिए आए हैं। इसके अतिरिक्त, लाखों लोग वाहनों से भी अपनी हाज़री देने बाबा के दरबार पहुँच रहे हैं। मंदिर की ओर जाने वाले हर रास्ते पर भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं, जहाँ वे अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। यह दृश्य पूनरासर गांव के हर रास्ते पर दिखाई दे रहा है। तीन दिवसीय मेले में आज, शनिवार को मुख्य दिवस है। पुजारी ट्रस्ट का अनुमान है कि आज शाम तक दो लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।

वहीं, खेजड़ी बालाजी मंदिर में भी महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने नारियल बांधकर अपनी मन्नतें मांगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां जात-झड़ूलों की रस्म भी अदा कर रहे हैं।

श्रीपूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट की ओर से श्रीराम भोजनालय, पुजारी ट्रस्ट की ओर से जयराम धर्मशाला में, आचार्यों का चौक व टेर मंडल की ओर से टेंट लगाकर बाबा का भंडारा लगाया जा रहा है। मारूति जनसेवा ट्रस्ट की ओर से महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग स्नान की व्यवस्था की गई है। मंदिर परकोटे के अंदर व बाहर जगह-जगह लगे शिविरों में श्रद्धालुओं को चाय-नाश्ता के अलावा पेयजल, मालिश व दवा आदि की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

आज सुबह-सुबह बाबा का दिव्य श्रृंगार किया गया। महाआरती संपन्न कर बाबा को छप्पन भोग लगाया गया। मंदिर को फूलों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। आज रात मध्यरात्रि को बीकानेर के तनाणी परिवार द्वारा बाबा का श्रृंगार किया जाएगा और ज्योत होगी। इस ज्योत के बाद पुजारी परिवार की बारी बदल जाएगी। सूत्रों के अनुसार, यह क्रम प्रतिवर्ष चलता आ रहा है।

गुरुवार सुबह ध्वज रोहण के बाद से बाबा का दरबार लगातार भक्तों के दर्शन के लिए खुला है और मेला संपन्न होने तक खुला रहेगा। शुक्रवार सारी रात भक्तों ने कतारों में लगकर बाबा के दर्शन किए। मंदिर में लगातार जयकारे गूंज रहे हैं। आज मुख्य मेला होने के कारण मंदिर में भारी भीड़ उमड़ रही है। अनुमान है कि शनिवार शाम करीब चार-पांच बजे मेला संपन्न हो जाएगा।

पूनरासर का यह भादवा मेला आस्था और भक्ति का एक अनूठा संगम है, जो हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

home होम layers मोबाइल नंबर mic ऑडियोज़ smart_display शॉर्ट्स theaters शोज़