श्रीडूंगरगढ़ ONE 24 फरवरी 2026। राष्ट्रीय किसान संघ तहसील कार्यकारिणी के सदस्यों ने मंगलवार को श्रीडूंगरगढ़ उपज मंडी का अवलोकन किया। यहां किसानों के लिए बनाए गए टीन शेड में व्यापारियों के रखे माल का विरोध करते हुए इसे खाली करने की चेतावनी दी। संघ के राष्ट्रीय मंत्री महावीर पुरोहित की अगुवाई में सदस्यों ने उपंखड अधिकारी व मंडी सचिव को ज्ञापन दिए। पुरोहित ने बताया कि रबी की फसल निकाले जाने से पहले टीन शेड में अवैध अतिक्रमण हटाकर, इसे खाली करवाए जाए जिससे किसानों का माल रखा जा सकें। संघ के तहसील अध्यक्ष गुमानाराम गोदारा ने उपखंड अधिकारी से क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। संघ का प्रतिनिधि मंडल सीओ निकेत पारीक से भी मिला और ज्ञापन देते हुए कस्बे में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करवाने की मांग की। इससे पूर्व मंडी परिसर में ही आयोजित बैठक में संभाग कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र तंवर, तहसील मंत्री नैनूराम मनोज, रतनगढ़ से मोहनलाल बिस्सू व रामकरण कड़वासरा सहित अनेक सदस्य शामिल हुए। सभी ने क्षेत्र में किसानों की समस्याओं को लेकर विचार विमर्श किया।