श्रीडूंगरगढ़ ONE 14 मार्च 2026। क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को लखासर टोल प्लाजा पर पुलिस व टोल प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से रोड सेफ्टी जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़ की टीम ने लखासर टोल प्लाजा टीम के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक सहित अन्य वाहनों के चालकों को रोककर उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की गई। अभियान के दौरान चालकों को ओवरलोडिंग से बचने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट व अन्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए समझाया गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सावधानी बरतने और जिम्मेदारी से वाहन चलाने का संदेश दिया गया। इस मौके पर लखासर टोल प्लाजा मैनेजर सुनील सहित रितेश, राजेश, सहदेव, प्रदीप शर्मा, पप्पू कुमार तथा पैरामेडिकल रूट पेट्रोलिंग इंचार्ज अमित नौटियाल मौजूद रहे।