श्रीडूंगरगढ़ ONE 9 अप्रैल 2026। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने CGL फाइनल रिजल्ट 2025-26 जारी कर दिया है। इसमें अभ्यर्थियों ने 18 व 19 जनवरी 2026 को आयोजित हुई टियर 2 परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई थी। इनमें 15118 कैंडिडेट्स पास किए गए है। परीक्षा में ध्रुव राणा ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है। इस परीक्षा में श्रीडूंगरगढ़ के बेनीसर गांव के राकेश पुत्र जगदीश जाखड़ व तोलियासर गांव के सचिन पुत्र भागीरथ राजपुरोहित ने सफलता हासिल की है। दोनों युवाओं को परिजन व जानकार बधाइयां दे रहें है।
बेनीसर के राकेश जाखड़ ने ऑल इंडिया 208 रैंक हासिल कर श्रेष्ठ परिणाम प्राप्त किया है। राकेश सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्स के तहत इंस्पेक्टर ऑफ इनकम टैक्स के पद पर चयनित हुए है। राकेश जाखड़ ने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई लालचंद जाखड़ व अपने माता पिता को दिया है। राकेश ने बताया कि अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतरता सबसे जरूरी है। उन्होंने अपनी सफलता में अपने भाई का सर्वाधिक सहयोग होने की बात कही। राकेश ने बताया कि उन्होंने स्कूलिंग भारती निकेतन शिक्षण संस्थान से प्राप्त की व दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज में मैथ्य विषय में अपनी डिग्री पूरी की है।
तोलियासर के सचिन राजपुरोहित ने परीक्षा में 328 अंक हासिल किए है। सचिन सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्स के तहत ऑफिस सुपरिटेंड ऑफ इनकम टैक्स के पद के लिए चुने गए है। सचिन वर्तमान में ऑडिट विभाग में पुणे में सेवारत है। उन्होंने एसएससी परीक्षा चार बार क्रेक की है। सचिन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता व परिवार को दिया है। सचिन ने बताया कि उन्होंने लगातार एसएससी की परीक्षाएं दी और पहली बार सफलता पांचवीं परीक्षा में मिली। उसके बाद लगातार चार बार कामयाब हुए है। उन्होंने कहा तैयारी में जुटे युवा एक या दो बार में हौसला ना हारे और निरंतरता के साथ तैयारी में जुटे रहें। सचिन ने अपनी शिक्षा गांव तोलियासर में व कॉलेज श्रीडूंगरगढ़ राजकीय महाविद्यालय में पूरा किया है।