श्रीडूंगरगढ़ ONE 21 अप्रैल 2026। दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता का घर उजड़ गया और पीड़िता ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंचकर पति सहित सास ससुर के खिलाफ आरोप लगाए है। पीड़िता ने बेटी के साथ घर से निकाल देने व सामाजिक पंचायती में भी झगड़ा कर लौट जाने के आरोप लगाए।
थानाधिकारी कश्यपसिंह राघव ने बताया कि हाल ठुकरियासर निवासी वसुंधरा पुत्री ओमप्रकाश सुथार ने लिखमीसर उत्तरादा निवासी अपने पति सांवरमल, ससुर कालूराम पुत्र रामलाल सुथार, सास भंवरी देवी के खिलाफ आरोप लगाए है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 19 अप्रैल 2018 को आरोपी पति के साथ गांव लिखमादेसर में हुआ। उसके पिता ने दहेज में गहने, सामान, नगदी व अनेक उपहार दिए। आरोपी विवाह के बाद से ही उसे कम दहेज लाकर नाक कटवा देने का ताना देकर परेशान करने लगे। एक मोटरसाइकिल व एक लाख नगदी की मांग को लेकर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। उसने बताया कि करीब 4 साल पहले उसकी पुत्री का जन्म होने के बाद एक दो माह बाद ही उसे धक्के देकर घर से निकाल दिया। सामाजिक समझाईश के बाद आरोपी उसे ले गए व करीब 8 माह पहले फिर से निकाल दिया। 10 दिन पहले उसके पीहर में पंच पंचायती रखी गई। जिसमें उसके सभी परिजन मौजूद थे। आरोपी यहां से झगड़ा कर चले गए व स्त्रीधन लौआने से इंकार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को दी है।