श्रीडूंगरगढ़ ONE 22 अप्रैल 2026। 20 साल से मेघवाल व नायकों के मोहल्ले में पानी की टंकी सुखी पड़ी है और वर्षों से मोहल्ले में स्वीकृत ट्यूबवेल का निर्माण नहीं किया जा रहा है। उपेक्षित व्यवहार के आरोप लगाते हुए मोहल्लेवासियों ने गुरूवार सुबह 8 बजे से मिंगसरिया ग्राम पंचायत भवन के सामने अनिश्चितकालीन धरना देने का ऐलान किया। मोहल्लेवासियों ने मोहल्ले में ट्यूबवेल बनाने की मांग करते हुए कहा कि पेयजल के लिए मोहल्ले के लोग बुरी तरह से बेहाल है और टैंकरों से आपूर्ति कर आर्थिक बोझ तले दब रहें है। ये निर्णय मोहल्ले में बुधवार को आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में वक्ताओं ने समाज के वंचित वर्ग के द्वारा गांव में पेयजल विभाग के खिलाफा मोर्चा खोलने का ऐलान करते हुए इस तपती गर्मी में 23 अप्रैल से ग्राम पंचायत भवन के सामने सामूहिक रूप से महिलाओं व बच्चों सहित धरने पर बैठने का फैसला किया।
मोहल्ले के चौक पर आयोजित हुई इस बैठक में नायक, मेघवाल व बावरी परिवारों के लोग शामिल हुए। दलित नेता राजेंद्र मेघवाल नोसिरया ने बैठक की कमान संभालते हुए पानी के लिए विभाग के खिलाफ संघर्ष करने की बात कही। मेघवाल ने कहा कि इस मोहल्ले में नायक मेघवाल व बावरी परिवार रहते है। हर बार इनकी मांग को उपेक्षित किया गया है और मोहल्ले में एक ट्यूबवेल का निर्माण भी नहीं करवाया जा रहा है। विभाग द्वारा सुनवाई नहीं की जा रही है और कल से मेघवाल व नायक मोहल्ले में पानी की व्यवस्था नहीं होने तक धरना जारी रहेगा। धरने पर मौजूद सदस्यों ने एकजुटता का संकल्प लिया व जमकर नारेबाजी करते हुए पानी का हक देने की मांग की।