श्रीडूंगरगढ़ ONE 25 जनवरी 2026। क्षेत्र में बीती रात कड़ाके की ठंड रही, शनिवार को ठंडी हवाओं ने सर्दी का कहर ढाया। बर्फीली हवाओं के कारण पारा लूढक गया औ न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास रहा। शनिवार रात भी पारा 5 डिग्री के आसपास रहा। वहीं धूम में बैठने पर भी लोगों को राहत नहीं मिली और बाजार में शाम ढलते ही अलाव जलते नजर आने लगे। उत्तरी हवाओं के के प्रभाव से आगामी 48 घंटे तक तापमान में परिवर्तन नहीं होगा। वहीं शेखावाटी सहित उत्तर पश्चिमी भागों में कहीं कहीं शीतलहर चलने का अंदेशा जताया गया है। बता देवें 26 व 27 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसके प्रभाव से राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में हल्की बारिश हो सकती है। बीकानेर सहित कुछ संभागों में मेघगर्जना व आकाशीय बिजली के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है।
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव समंदसर, श्रीडूंगरगढ़ रोही, गांव बरजांगसर, केऊ रोही, बाडेला, रीड़ी के खेतों में जमी बर्फ के कारण किसानों ने सरसों व जीरा में अधिक नुकसान हो जाने की बात कही है। किसानों ने बताया कि दो दिन से जम रही बर्फ अब बढ़वार कर रही फसलों को खराब कर रही है। बता देवें अगले कुछ दिन और कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिलने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है और इससे किसान फसलों में नुकसान की आशंका से मायूस हो गए है। शनिवार को दिनभर पूरे अंचल में लोगों ने बर्फीली हवाओं की चुभन महसूस की और पुन: तेज ठंड लौटने से परेशानी का अनुभव किया।