पूनरासर की ओर बढ़ते श्रद्धालुओं के कदमों में आस्था का रंग और चेहरे पर बाबा के दर्शन की लालसा लिए, पदयात्रियों का जत्था श्रीडूंगरगढ़ के हाइवे से गुज़रा। इस दौरान भाजपा के ओबीसी मोर्चा के देहात जिलाध्यक्ष विनोद गिरी गुसाईं ने गोस्वामी फार्म हाउस पर इन पदयात्रियों के लिए ज्यूस सेवा का आयोजन किया। गुसाईं ने पदयात्रियों का स्वागत किया और उनकी यात्रा मंगलमय हो, ऐसी कामना की। इस सेवाभाव में ओबीसी मोर्चा के कई कार्यकर्ताओं ने भी अपना योगदान दिया, जिनमें अशोक महावर, रमेश सैनी, रविकांत महावर, गौरी शंकर माली, नानूराम स्वामी, बाबूलाल सांखला, भरत गिरी, रौनक गिरी, रणवीर सांखला, अमित गिरी, अशोक गिरी, जितेंद्र गिरी, कालूराम और गुलाब नवी शामिल थे। कार्यकर्ताओं ने यात्रियों की सेवा करते हुए बाबा के जयकारे लगाए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
गाँव बिग्गा के ग्रामीणों ने अपनी दो प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए विधायक ताराचंद सारस्वत से गुहार लगाई है। पूर्व पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मीनारायण सेवग के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विधायक को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क पर जलभराव और खेजड़ी बालाजी मंदिर से गाँव बिग्गा तक सड़क न होने की समस्या का उल्लेख किया गया है। सेवग ने बताया कि बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक जाने वाली सड़क पर पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण अक्सर जलभराव हो जाता है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त, खेजड़ी बालाजी के प्राचीन मंदिर से पुष्करणा बास तक लगभग 350-400 मीटर की सीसी सड़क का निर्माण कराने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी है।
श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा को नगरपालिका ईओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। शर्मा ने गुरुवार शाम को अपना पदभार ग्रहण कर लिया, जहां पालिका कर्मियों ने उनका स्वागत किया। वहीं, प्रशिक्षु ईओ गिरीराज रतनूं का 20 दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण होने पर पालिका कर्मियों ने उनका साफा व माला पहनाकर सम्मान किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य निरीक्षक हरिश गुर्जर, कनिष्ठ लेखाकार महेशचंद ज्याणी व जितेंद्र भोजक, सुरजभान प्रजापत, धनराज पांडिया, कुलदीप वाल्मिकी, किशन चांवरिया सहित पालिका के कई कर्मचारी उपस्थित थे।
राधिका सत्संग मंडली 31 अगस्त 2025, रविवार को गणेश मंदिर में राधाष्टमी महोत्सव मनाने जा रही है। मंडली की मीनाक्षी डागा ने बताया कि महोत्सव दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। उत्सव की तैयारियां ज़ोरों पर हैं और इस बार कार्यक्रम की थीम नीला रंग रखी गई है। मंडली ने सभी राधा प्रेमियों से नीले रंग के वस्त्र पहनकर उत्सव में शामिल होने का आग्रह किया है। साथ ही, बालिकाओं को राधा रानी के वेश में सजाकर लाने का भी आग्रह किया गया है।
बिग्गा बास के वार्ड 23 से हनुमानजी मंदिर से अखंड ज्योत लेकर पूनरासर के लिए पैदल यात्रियों का एक सुखी संघ रवाना हुआ। संघ के अध्यक्ष अमरचंद सिखवाल और उपाध्यक्ष गुलाब बासनीवाल ने बताया कि अखंड ज्योत पदयात्रियों के साथ पूनरासर मंदिर तक जाएगी। यात्रियों ने लाल रंग की ध्वजा हाथ में लेकर बाबा के जयकारे लगाए। ये पदयात्री शनिवार सुबह बाबा के दर्शन कर मंदिर में धोक लगाएंगे।
गांव आड़सर से शुक्रवार को श्यामप्रेमी पैदल यात्री संघ एक भव्य श्याम झांकी के साथ खाटू के लिए रवाना हुआ। संघ में 50 श्रद्धालु शामिल हैं और ग्रामीणों ने जयकारों के साथ यात्रियों को यात्रा की शुभकामनाएं दीं। संघ सदस्यों ने बताया कि वे 4 सितंबर को खाटू पहुंचकर बाबा के दर्शन करेंगे।
हनुमान धोरा पर बाबा का पूजन और ज्योत कर पदयात्री पूनरासर के लिए रवाना हुए। लाल ध्वजा लेकर जयकारे लगाते हुए रवाना हुए संघ को आसपास के लोगों ने पुष्प वर्षा कर शुभकामनाएं दीं।
राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में नई किरण नशा मुक्ति अभियान के तहत एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसानों से अवगत कराने के लिए “सफेद साया” नामक लघु फिल्म दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के खतरों को समझा। इस अवसर पर प्राचार्य महावीरनाथ ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
नेहरू युवा मंडल के बैनर तले मदनलाल चौहान की दूसरी पुण्यतिथि पर आयोजित एक दिवसीय तहसील स्तरीय शूटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता गुरुवार देर रात बिग्गा में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में 18 टीमों ने भाग लिया, जिसमें श्रीश्याम क्लब श्रीडूंगरगढ़ ने जीत हासिल की, वहीं लिखमादेसर सीनियर टीम उपविजेता रही। विजेताओं को नगद राशि और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। 13 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी रामप्रसाद को बेस्ट नेटर का पुरस्कार दिया गया। समारोह में बिग्गा सरपंच जसवीर सारण, रूघलाल तापड़िया, संतोष ओझा, लक्ष्मीनारायण सेवग, चंपालाल रेगर, मुकेश, शांतिप्रकाश ओझा, रोहित शर्मा, रामलाल कुंतासर, ईश्वरराम मेघवाल आदि शामिल हुए।
विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने सरदारशहर में लकड़ी से बनी वस्तुओं के कारीगर समूह से मुलाकात की और पारंपरिक कला के बारे में जानकारी ली। सुथार ने यहां लकड़ी के कार्यों का अवलोकन किया और कारीगरों को बेहतर स्किल प्रदान करने के बारे में चर्चा की। सुथार ने विभिन्न प्रकार के कारखानों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल नियोजन के माध्यम से कारीगरों को जोड़ने के बारे में भी चर्चा की। इस दौरान सरदारशहर के अनेक प्रसिद्ध कारीगर वार्ता में शामिल रहे।