डूंगरगढ़ one 14 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। मोमासर स्थित इचरज देवी पटावरी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में सुरवि चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से निःशुल्क डेंटल कैंप आयोजित किया जा रहा है। कैंप के तहत विद्यालय की छात्राओं और आसपास के ग्रामीणों के दांतों की जांच के साथ मौखिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी जारी है।
कैंप के दौरान 81 बालिकाओं को दांतों की सुरक्षा, सही ब्रशिंग तकनीक, खानपान में सावधानियां और मौखिक स्वच्छता से जुड़ी जानकारी दी गई। बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से दांतों की देखभाल के आसान तरीके भी समझाए गए।
इसी क्रम में 62 ग्रामीणों ने अपने दांतों की जांच करवाई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया। जांच के दौरान दांतों से जुड़ी कई समस्याओं की पहचान की गई, जिनके लिए आवश्यक दवाइयां और उपचार संबंधी सलाह दी गई।
कैंप का संचालन बेल्जियम से पधारे अनुभवी दंत चिकित्सक डॉ. मर्लिन, अनायास और लीसा ने किया। नर्सिंग स्टाफ संतोष, सरोज रानी और लक्ष्मी बावरी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान सुरवि चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी किशन लाल पटावरी, प्रतिनिधि राजेश रोहिल्ला और विपिन जोशी ने कैंप का निरीक्षण किया और विद्यालय प्रशासन व डॉक्टरों की टीम से संवाद किया।
बाबूलाल गर्ग ने बताया कि यह डेंटल कैंप और तीन दिनों तक चलेगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों और ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पिछले तीन दिनों में अब तक 230 बच्चों और 150 ग्रामीणों के दांतों का उपचार किया जा चुका है। कैंप के सफल आयोजन में मोहम्मद जफर और सांवर मल शर्मा का भी सहयोग रहा।