श्रीडूंगरगढ़ ONE 4 फरवरी 2026। क्षेत्र में जमीनों की कीमतें आसमान छू रही है और जमीन परिवारों में विवादों का कारण बन थाने कचहरी तक मामलों को पहुंचा रही है।
क्षेत्र के गांव सुरजनसर निवासी 62 वर्षीय नानूराम पुत्र केसुराम ब्राह्मण ने इसी गांव की सीमा देवी पत्नी प्रभुराम, रविना पुत्री सांवरराम, सागरमल पुत्र गिरधारीलाल, गौरा देवी पत्नी नारायणराम ब्राह्मण के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार 3 जनवरी की दोपहर करीब 1.30 बजे वह अपने परिवार के लोगों के साथ घर मे बैठा था। तभी आरोपीगण घर में आए व घर के पास के बाड़े को लेकर झगड़ने लगे। परिवादी ने कहा कि वह कई वर्षों से बाड़े की सार संभाल व उपभोग, उपयोग कर रहा है। इस पर आरोपी नहीं माने और एकराय होकर वृद्ध से मारपीट की। शोर सुनकर परिवादी की पत्नी भंवरदेवी व पुत्रवधू माया आई तो सागरमल ने उनके साथ मारपीट की और नारायणराम जमीन पर लाठी पटकते हुए आइंदा बाड़े के आस पास आने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपियों ने जाते हुए उसके बाड़े के चारों की बाड़ में आग लगा दी और घर के बाहर निकलने पर जिंदा नहीं छोड़ने के धमकियां दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को सौंप दी है।