इस महीने से शुरू होने वाली इन प्रतियोगिताओं को लेकर स्कूलों में ज़ोरों शोरों से तैयारियां चल रही हैं। खुशी की बात यह है कि श्रीडूंगरगढ़ अंचल के कुछ स्कूलों को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। वहीं, पूरे जिले में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए एकमात्र खेल, योगासन की मेजबानी श्रीडूंगरगढ़ के अग्रणी शिक्षण संस्थान, भारती निकेतन को मिली है।
इस बार स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में 33 खेलों को शामिल किया गया है, जिन्हें चार समूहों में विभाजित किया गया है। पहले समूह में वालीबॉल, भारोत्तोलन, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, रग्बी फुटबॉल, कुश्ती, योगासन, बॉक्सिंग, खो-खो और साइकिलिंग ट्रैक जैसे खेल शामिल हैं। दूसरे समूह में तीरंदाजी, ताइक्वांडो, कबड्डी, टेबल टेनिस, नेटबॉल, हॉकी, राइफल शूटिंग, शतरंज, कराटे और वुशु के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। तीसरे समूह में जूडो, लॉन टेनिस, सॉफ्टबॉल, क्रिकेट, साइकिलिंग रोड, मलखंभ, रोलर स्केटिंग, जिम्नास्टिक, बैडमिंटन, तैराकी और सेपक टकरा के खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। वहीं, चौथे समूह में एथलेटिक्स को शामिल किया गया है, जिसमें दौड़ और कूद जैसे खेलों में प्रतिभागी अपना दमखम दिखाएंगे।
विद्यालय स्तर पर सभी समूहों में 25 अगस्त से पहले टीमों का गठन किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम समूह की प्रतियोगिताएं 30 अगस्त से 3 सितंबर 2025 के बीच आयोजित होंगी। दूसरे समूह के खेलों का आयोजन 10 सितंबर से 14 सितंबर 2025 के बीच होगा। तीसरे समूह के खेल 19 सितंबर से 23 सितंबर तक और चौथे समूह के खेल 8 अक्टूबर से 12 अक्टूबर के बीच आयोजित किए जाएंगे। ये खेल जिले भर के विभिन्न स्कूलों में आयोजित होंगे। तहसील स्तरीय क्रिकेट-19 वर्ष छात्र प्रतियोगिता 21 अगस्त से 24 अगस्त के बीच महाराणा प्रताप उमावि श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित होगी। जिसमें विजेता व उपविजेता दो दल जिला स्तर प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। तहसील स्तर पर कम से कम चार टीमों का भाग लेना जरूरी होगा।
जिला स्तरीय प्रथम समूह की स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताएं 30 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित होंगी। श्रीडूंगरगढ़ के सेसोमूं स्कूल में हैंडबॉल 17 से 19 वर्षीय छात्रा प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। खो-खो का 17 वर्षीय छात्र व छात्रा दोनों वर्ग की प्रतियोगिता का आयोजन आदर्श सरस्वती विद्या मंदिर उमावि गुसाईंसर बड़ा में होगा।
द्वितीय समूह की खेलकूद प्रतियोगिताएं 10 सितंबर से 14 सितंबर के बीच होंगी। इन प्रतियोगिताओं में कबड्डी 17 वर्षीय छात्र वर्ग शहीद कैप्टन चंद चौधरी राउमावि बिग्गाबास रामसरा में आयोजित होगी। वहीं 17 वर्षीय छात्रा कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन राउमावि बींझासर में होगा। टेबल टेनिस 17 व 19 वर्षीय छात्र व छात्रा दोनों वर्ग कन्हैयालाल सिखवाल राउमावि में खेली जाएगी।
तृतीय समूह की प्रतियोगिताओं का आयोजन 19 सितंबर से 23 सितंबर के बीच होगा। जिसमें सॉफ्ट बॉल का 17 व 19 वर्ग छात्र का आयोजन राउमावि सेरूणा में होगा वहीं मलखंब 17 व 19 वर्षीय छात्र व छात्रा दोनों वर्ग ही दयानंद विद्या निकेतन उमावि में आयोजित होगा।
जिला स्तर के प्रदर्शन के बाद जिले भर से चयनित खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। हैंडबॉल का 17 व 19 वर्षीय छात्रा वर्ग का प्रशिक्षण शिविर 6 सितंबर से 10 सितंबर तक राउमावि लखासर में होगा। फुटबॉल का 17 वर्षीय राउमावि दुलचासर में होगा। खो-खो का प्रशिक्षण शिविर राउमावि गुसाईसर बड़ा में होगा। वहीं कबड्डी 17 वर्षीय का बिग्गाबास रामसरा की शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी राउमावि में प्रशिक्षण शिविर होगा। टेबल टेनिस में दोनों वर्ग के कन्हैयालाल सिखवाल राउमावि में, कबड्डी में 17 व 19 वर्षीय छात्र व छात्रा दोनों वर्ग का प्रशिक्षण शिविर 15 सिंतबर से 19 सितंबर के बीच राउमावि बींझासर में होगा। सॉफ्ट बॉल का प्रशिक्षण शिविर सेरूणा की राउमावि में 17 व 19 वर्षीय छात्र वर्ग का प्रशिक्षण शिविर होगा। मलखंब खेल में 17 व 19 वर्षीय छात्र छात्रा दोनों वर्ग का प्रशिक्षण शिविर 24 से 27 सितंबर के बीच राउमावि ताल मैदान में होगा।
सभी खेलों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रदेश के विभिन्न जिलों में किया जाएगा। जिसमें योगासन का राज्य स्तरीय मुकाबला भारती निकेतन उमावि श्रीडूंगरगढ़ में होगा। प्रतियोगिता में राज्य भर के जिलों से खिलाड़ी भाग लेने आएंगे। इसके अतिरिक्त चारों वर्गों के किसी खेल का राज्य स्तरीय आयोजन बीकानेर जिले में नहीं होगा। यह भी बता दें कि निकटवर्ती चूरू जिले के रतनगढ़ तहसील के लाछड़सर के राउमावि में 17 वर्षीय छात्र वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें खेल भावना, टीम वर्क और अनुशासन जैसे मूल्यों को सीखने का भी मौका मिलेगा।