श्रीडूंगरगढ़ ONE 10 अप्रैल 2026। देर रात हाइवे पर बेनीसर गांव के निकट एक ट्रक से बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक सवार 24 वर्षीय परविंद्रसिंह बाइक राइडर था और बाइक से ही उत्तराखंड घूम कर अपने घर के लिए लौट रहा था।
व्यवसायी पिता गिरधारीसिंह निवासी कौलू पाबूजी, फलौदी के दो बेटों में छोटा और लाडला परविंद्र था। घर परिवार में उसका विवाह करने की चर्चाएं चल रही थी। ऐसे में उसकी दर्दनाक मौत से परिजन सदमे में है। परिवार ने परविंद्र को लेकर जो सपने देखें वो सपने टूट कर हाइवे पर हुए हादसे में बिखर गए है। परविंद्र ऋषिकेश से अपने घर के लिए लौट रहा था, परंतु मौत ने उसका सफर श्रीडूंगरगढ़ में खत्म कर दिया। परविंद्र घुमने का शौकीन था और लंबी लंबी यात्राएं अक्सर बाइक पर ही करता था। बीती रात वह जोधासर में अपने किसी रिश्तेदार के यहां रूकने वाला था। वह श्रीडूंगरगढ़ से जोधासर जा रहा था और बीकानेर से सीकर जा रहा एक ट्रक सामने से आ रहा था। ट्रक के सामने से उसकी बाइक जा भिड़ी और बुरी तरह से कुचले जाने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर परिजनों को सूचना दी। मृतक के चाचा व परिजन अलसुबह ही श्रीडूंगरगढ़ पहुंच गए। एएसआई महेश ढाका मामले की जांच कर रहें है। ढाका ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मौका मुआयना किया जा रहा है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। परिजनों ने दुर्घटना की रिपोर्ट पुलिस को दी है।