श्रीडूंगरगढ़ श्रीडूंगरगढ़ ONE 10 फरवरी 2026। देर रात क्षेत्र के गांव डेलवां की अगुणी रोही में एक ढाणी में अचानक आग लग गई और नगदी सामान सहित किसान का आशियाना जलकर खाख हो गया।
रात करीब 10.45 बजे डेलवां निवासी किसान मोहन मेघवाल अपने खेत की ढाणी में पत्नी बच्चों सहित सो रहा था। अचानक ढाणी में आग लग गयी और लपटें उठने लगी। किसान सहित परिवार ने बाहर आकर अपनी जान बचाई। शोर मचाने पर आसपास के किसान पहुंच गए और जीएसएस पर फोन कर लाइट देने का आग्रह किया। बिजली आने पर पास के खेत में बने ट्यूबवेल से आग पर काबू पाया गया। पीड़ित ने बताया कि वह दूध का व्यवसाय करता है और दो दिन पहले ही उसे दूध का पैमेंट मिला, इसके सहित उसकी जमा पूंजी करीब 18-20 हजार नगदी रुपए सहित कपड़े, बिस्तर, राशन के सामान सहित अन्य गृहस्थी का सामान खाख हो गया। आस पास के किसानों ने बताया कि बिजली समय पर मिल जाती तो संभवतः नुकसान में कम होता। किसानों ने सरपंच पटवारी व ग्राम विकास अधिकारी को सूचना देते हुए पीड़ित की मदद करने की मांग की है।