श्रीडूंगरगढ़ ONE 18 जनवरी 2026। श्रीडूंगरगढ़ के मुख्य बाजार में तुलसी सेवा मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर के निकट स्थित तेरापंथ महिला मंडल भवन में महिलाओं के लिए नि:शुल्क सर्वाइकल कैंसर टेस्ट कैंप का आयोजन 4 फरवरी को किया जाएगा। तेरापंथ महिला मंडल श्रीडूंगरगढ़ द्वारा आयोजित इस शिविर के लिए रविवार को मालू भवन सेवाकेंद्र में व्यवस्थापिका साध्वी संगीतश्रीजी और साध्वी डॉ परमप्रभाजी के सान्निध्य में कैंसर अवेयरनेस प्रोग्राम के तहत होने वाले इस सर्वाइकल कैंसर टेस्ट के बैनर तथा पोस्टर्स का अनावरण किया गया। महिला मंडल अध्यक्ष मंजू बोथरा सहित सभी मंडल पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य, तेरापंथी सभा, युवक परिषद एवं अणुव्रत समिति के पदाधिकारी तथा कार्यसमिति सदस्यों सहित अनेक मौजिज लोग शामिल हुए। मंत्री अंबिका डागा ने बताया कि वर्ल्ड कैंसर डे के दिन स्थानीय महिला मंडल भवन में 4 फरवरी को पूर्णतः निःशुल्क कैंसर टेस्ट कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप में 21 वर्ष से 65 वर्ष की कोई भी महिला ये टेस्ट करवा सकती है। तथा इसके लिए 30 जनवरी 2026 रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि है। अध्यक्ष मंजू देवी बोथरा ने महिलाओं से कैंप का लाभ उठाने की अपील की है।