डूंगरगढ़ one 13 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय बीकानेर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। आयोजन परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग और महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया और यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. भगवाना राम बिश्नोई ने की। मुख्य वक्ता प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अनिल पांडेय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में हर साल इतनी मौतें हो रही हैं, जितनी एक पूरे बीकानेर शहर की आबादी के बराबर हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
आरटीओ अनिल पांडेय ने अपने संबोधन की शुरुआत भगवद् गीता के श्लोक से करते हुए कर्मयोग और दृढ़ निश्चय का महत्व बताया। उन्होंने “ड्रोन व्यू” नाटक के माध्यम से हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन से जीवन रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने लापरवाही, तेज गति और नियमों की अनदेखी को सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने सड़क सुरक्षा पर आधारित जागरूकता नृत्य प्रस्तुत किया। साथ ही प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को परिवहन विभाग की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. मीनाक्षी कुमावत ने कहा कि युवाओं की भूमिका सड़क सुरक्षा में सबसे अहम है। उन्हें स्वयं नियमों का पालन कर समाज के लिए उदाहरण बनना चाहिए। समापन पर आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर प्रो. कुमुद जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर परिवहन विभाग से राहुल आचार्य, सुमित अग्रवाल, दुर्गा शंकर पवार, ज्योति स्वामी सहित महाविद्यालय का स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।