थानाधिकारी जितेंद्र स्वामी के अनुसार, धीरदेसर चोटियान निवासी दीनदयाल जाट (32 वर्ष) आदर्श कॉलोनी में पूर्व विधायक के खेत में बनी ढाणी में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बिग्गाबास निवासी गौरीशंकर मीणा, दीपू उर्फ डिम्पल और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
दीनदयाल ने पुलिस को बताया कि वह पहले अपने भाई के भुजिया कारखाने में काम करता था। लगभग तीन महीने पहले कारखाने में काम करने वाले गौरीशंकर मीणा से गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनका विवाद हुआ था। दीनदयाल के अनुसार, गौरीशंकर ने उन्हें मौका मिलने पर देख लेने की धमकी दी थी, जिसे उन्होंने नजरअंदाज कर दिया था। बाद में गौरीशंकर ने उनसे दोस्ती कर ली और दो-तीन बार उनकी ढाणी भी आया।
परिवादी के अनुसार, बुधवार, 6 अगस्त 2025 को शाम लगभग 5 बजे गौरीशंकर उनकी ढाणी आया और अपने जन्मदिन की पार्टी में चलने के लिए कहा। दीनदयाल ने मना कर दिया, लेकिन गौरीशंकर ने रात में लेने आने की बात कही। रात लगभग 9:30 बजे गौरीशंकर उसे लेने आया और मोटरसाइकिल पर बिठाकर खेत के लिए रवाना हो गया। रास्ते में पुलिस थाना के पास उसने एक अन्य साथी, दीपू उर्फ डिम्पल के साथ दूसरी बाइक पर बिठा दिया। आरोपियों ने दीनदयाल को खेत जाने के लिए कहा और बताया कि वे दूसरे दोस्तों को लेकर आ रहे हैं। इसके बाद मोटरसाइकिल सवार उसे पुदंलसर फांटा से जैसलसर जाने वाले रास्ते पर ले गए। गौरीशंकर कुछ सामान और दूसरे दोस्तों को लाने की बात कहकर वहां से चला गया।
इसके कुछ देर बाद दीनदयाल को उनकी ताऊ की बेटी का फोन आया, जिसने बताया कि गौरीशंकर ने उनकी ढाणी में घुसकर उनकी पत्नी सुमित्रा पर जान से मारने की नीयत से लाठी से सिर पर वार किया और रस्सी से गला घोंटने की कोशिश की। जब सुमित्रा ने शोर मचाया तो आरोपी वहां से भाग गया। दीनदयाल की पत्नी ने उसे वहां से जान बचाकर भागने के लिए कहा, और बताया कि वह पुदंलसर फांटे पर है। उनकी बहन ने एक पड़ोसी को भेजा जिसके साथ वह अपनी ढाणी पहुंचे। दीनदयाल अपनी पत्नी को इलाज के लिए उपजिला अस्पताल ले गए, जहां उनके परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए।
सुमित्रा ने होश में आने पर बताया कि गौरीशंकर ने उसे जान से मारने और लूटपाट करने की मंशा से सिर पर वार किया और रस्सी से गला घोंट दिया। आरोपी ने उनके गले से सोने के सात फुलड़े, चांदी की पाजेब और ढाणी में रखे 15 हजार रुपये लूट लिए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुरेश कुमार गुर्जर को सौंप दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।