श्रीडूंगरगढ़ ONE 22 जुलाई 2025। घात लगाकर रास्ता रोकने व मारपीट कर धमकाने के आरोप में श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज हुआ है। पुदंलसर निवासी 30 वर्षीय भवानीसिंह पुत्र रतनसिंह राजपूत ने इसी गांव के नत्थूसिंह व विक्रमसिंह पुत्र केशुसिंह, बालूसिंह पुत्र बहादूर सिंह, हुकमसिंह पुत्र बालूसिंह राजपूत के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 9.30 बजे वह अपनी कैंपर गाड़ी से किसी काम के लिए श्रीडूंगरगढ़ आ रहा था। गांव से निकलते ही एक जीप गाड़ी ने कैंपर गाड़ी का रास्ता रोक लिया। जीप में सवार आरोपी गालियां देने लगे और जान से मारने की धमकी दी। उसके साथ कैंपर में बैठे लोगों ने बीच बचाव किया व सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी उस समय वहां से चले गए। जब रात को परिवादी अपने घर जा रहा था तो गांव की गुवाड़ में घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए सिर फोड़ दिया। आस पड़ोस के लोगों ने उसे छुड़वाया तो आरापियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल देवाराम को सौंप दी है।