ठुकरियासर और बाना ग्राम पंचायतों को मिलेगा लाभ, 2-2 किमी सड़क बनेगी; आवागमन होगा आसान
डूंगरगढ़ one 27 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के विकास को गति देते हुए विधायक ताराचंद सारस्वत के प्रयासों से दो ग्रामीण अटल पथ सड़कों को स्वीकृति मिली है। ग्राम पंचायत ठुकरियासर और बाना में करीब 2-2 किलोमीटर लंबाई की सड़कें बनाई जाएंगी। इन परियोजनाओं पर लगभग 4 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी। किसानों को फसल परिवहन में सुविधा मिलेगी, वहीं विद्यार्थियों और आमजन को भी आवागमन में राहत मिलेगी। लंबे समय से सड़क की समस्या झेल रहे ग्रामीणों में स्वीकृति के बाद उत्साह देखा जा रहा है।
विधायक सारस्वत ने इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री व सार्वजनिक निर्माण मंत्री दिया कुमारी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और क्षेत्र में लगातार योजनाएं स्वीकृत हो रही हैं।
इधर, ठुकरियासर और बाना के ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताते हुए इसे बड़ी सौगात बताया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों के निर्माण से आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा।