डूंगरगढ़ one 8 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ में स्टेट हाईवे-6 (श्रीडूंगरगढ़- सरदारशहर रोड) पर बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त अभियान चलाया। सड़क सीमा से 75 फीट के भीतर किए गए अतिक्रमणों पर जेसीबी चलाकर पक्के निर्माण ध्वस्त किए गए।
प्रशासन पहले ही 1 अप्रैल को अतिक्रमियों को 7 दिन का नोटिस दे चुका था। समय सीमा पूरी होने के बाद बुधवार को उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान सीओ निकेत पारीक, थानाधिकारी कश्यप सिंह व एसआई पवन कुमार शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौजूद रहे।
कार्रवाई से पहले प्रतिष्ठान मालिकों से समझाइश की गई, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाने पर जेसीबी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। अभियान में विद्युत विभाग के दीनदयाल माली अपनी टीम के साथ तथा नगरपालिका कर्मी भी शामिल रहे।
गौरतलब है कि हाईवे के दोनों ओर भवन निर्माण सामग्री के कई प्रतिष्ठान सड़क की ओर बढ़ गए थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और हादसों का खतरा बना हुआ था। प्रशासन की इस कार्रवाई से अब सड़क पर आवागमन सुरक्षित होने की उम्मीद है।