श्रीडूंगरगढ़ ONE 6 फरवरी 2026। अपराध जगत से एक बड़ी खबर श्रीडूंगरगढ़ थाने से आई है। अक्टूबर माह में विवाह का झांसा देकर एक पीड़िता से दुष्कर्म के आरोप में फरार आरोपी को पुलिस ने धर दबोच लिया है।
श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव के सुपरविजन में एएसआई गजेंद्रसिंह, कांस्टेबल पुनीत कुमार व इंद्र कुमार ने आरोपी दीपक पुत्र उत्तमचंद जैन निवासी थांवला, नागौर को अलसुबह पाली से अरेस्ट किया है। आरोपी अक्टूबर से फरार था और दुष्कर्म के मामले में एक बार भी पेश नहीं हुआ। कोर्ट ने उसके खिलाफ स्टैडिंग वारंट भी जारी किया। पुलिस ने सैंकड़ो मील तक तीन बार आरोपी का पीछा किया परंतु हर बार शातिर आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया। कांस्टेबल पुनीत को गुरूवार को आरोपी के बारे में सूचना मिलने पर श्रीडूंगरगढ़ से टीम रवाना हुई और पाली पहुंची। रात दो बजे से पुलिस आरोपी के ठहरने के स्थान पर घात लगाकर बैठी और नजर रखी। सुबह आरोपी के बाहर निकलते ही कांस्टेबल पुनीत ने उसे धर दबोचा। आरोपी ने जमकर शोर मचाते हुए लोगों को एकत्र कर पुलिस जवान पर आरोप लगाने लगा। एएसआई गजेंद्रसिंह ने आरोपी को धमकाकर गिरफ्तार किया। आरोपी को चौथी बार के प्रयास में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।