हाइवे पर मची अफरा-तफरी, दो लड़ते सांड से टकराई कार, कार में लगी आग।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। हाइवे पर गुरूवार रात अफरा तफरी मच गई। कोर्ट के सामने दो सांड आपस भी भिड़ गए और तभी दिल्ली से घड़साना जा रही एक कार इन सांडों से टकरा गई। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई। एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के सेवादार व आस पास मौजूद लोगों ने कार सवार चार जनों को तुरंत बाहर निकाला। पालिका की दमकल ने पहुंच कर आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कार सवार चारों सुरक्षित है व मामूली चोटिल हुए है। बता देवें निराश्रित पशुओं के कारण कस्बे सहित हाइवे पर भी दुर्घटना का खतरा मंडराने लगा है।
संयुक्त निदेशक ने किया स्कूल का निरीक्षण, स्टाफ को दिए दायित्व निर्वहन के निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। गुरूवार को संयुक्त निदेशक सुनीता चावला ने पीएमश्री राउमावि ताल मैदान का निरीक्षण किया। चावला ने गहनता से स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों में पाई गई कमियों में सुधार करने व विद्यार्थियों का शैक्षिक आंकलन करते हुए शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने को लेकर संस्था प्रधान को निर्देश दिए। चावला ने छात्र छात्राओं के निर्धारित स्कूल यूनिफॉर्म में आने, आईडी कार्ड के साथ विद्यालय समय ठहराव की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्था प्रधान को प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं विभिन्न योजनाओं के प्रभारियों को भी सजगता से दायित्व निर्वहन के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को भी उत्साह के साथ स्कूल में आयोजित होने वाली गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा दी। इस दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां वीर उनके साथ रही।
सूडसर में हुई चेतावनी सभा, बाजार रहा बंद, धरना जारी।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। सूडसर में उपडाकघर बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बुधवार को चेतावनी सभा का आयोजन हुआ। सभा के दौरान सूडसर का पूरा बाजार बंद रहा। बंद के दौरान मेडिकल की दुकानें भी बंद रही। दुकानदारों ने संघर्ष को समर्थन दिया। सभा का आयोजन सूडसर उप प्रशासक दुर्गाराम भादू की अध्यक्षता में हुआ। सभी वक्ताओं ने उपडाकघर को गांव की धरोहर बताते हुए लिखित आदेश के बाद ही धरना हटाने की बात कही। सभा में कोडाराम भादू, मोहनलाल भादू, मुखराम गोदारा, बाबूलाल जाजड़ा, जगदीश स्वामी, शेखर रेगर, पवन स्वामी, मूलाराम गोदारा, गोपालाराम जाखड़, अशोक शर्मा आदि वक्ताओं ने उप डाकघर को यथावत रखने के लिए संगठित व एकजुट होकर संघर्ष करने की बात कही। चेतावनी सभा में टेऊ प्रशासक सुनील दुगरिया, उप प्रशासक लालूराम सारण, पूर्णाराम भादू, जसराम खोड, दानाराम भादू, अरुण दर्जी, रमेश दुगरिया, अमित माहिच सहित अनेक वक्ताओं ने कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करने की बात दोहराई। इस दौरान बड़ी संख्या ग्रामीण मौजूद रहे।
रीड़ी में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ हिंदू सम्मेलन।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। गुरूवार को गांव रीड़ी में युवाओं ने वाहन रैली निकाली व उत्साह के साथ हिंदू सम्मेलन संपन्न हुआ। संत मोहनरामजी महाराज ने समाज में भेदभाव मिटाकर सम भाव व सद्भाव से रहने की प्रेरणा दी। मुख्य वक्ता विभाग संघ चालक टेकचंद बरड़िया ने संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए पंच परिवर्तन से समाज निर्माण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने परिवारों का महत्व बताते हुए, महिलाओं का सम्मान करने की प्रेरणा दी। आयोजन समिति के कालूनाथ, सीताराम तावणियां, बजरंग तावणियां व बलरामनाथ ने सभी का आभार जताया। सम्मेलन में मंडल के सभी गांवो से मौजिज लोग शामिल हुए व मातृशक्ति ने भी सराहनीय भागीदारी निभाई।
रीड़ी में आयोजित भागवत में धूमधाम से मनाया कृष्ण जन्मोत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। क्षेत्र के गांव रीड़ी में खियांणी बास में आयोजित भागवत कथा में गुरूवार को धूमधाम से कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। यहां बालसंत रामप्रसाद शास्त्री ने विभिन्न कथा प्रसंग सुनाते हुए शुद्ध भाव से भगवान की भक्ति करने की प्रेरणा दी। मंच से कृष्ण जन्म की घोषणा के साथ ही पांडाल में जयकारों से गूंज उठा। पांडाल को गुब्बारों व फुलों से सजाया गया। कृष्ण जन्मोत्सव की बधाइयां बांटी गई। श्रद्धालु जमकर झूमे और लाला के जन्म का खूब उत्सव मनाया। बता देवें यहां शुक्रवार को पांचवे दिन भगवान कृष्ण की लीलाओं का वर्णन होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंच रहें है। आयोजक जाखड़ परिवार द्वारा विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही है।