डूंगरगढ़ one 13 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। गोवंश की मृत्यु के मामलों और शहर में बेसहारा गोवंश की स्थिति को लेकर आज मंगलवार को आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति एवं विश्व हिंदू परिषद (VHP) के संयुक्त तत्वावधान में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के नाम उनके प्रतिनिधि पीए विक्रमसिंह राजपुरोहित और जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि को ज्ञापन सौंपा गया।
सेवा समिति की ओर से अध्यक्ष जतन सिंह राजपुरोहित एवं मनोज कुमार डागा उपस्थित रहे। ज्ञापन के माध्यम से समिति ने गोवंश संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें गोवंश की मृत्यु के मामलों में शीघ्र पोस्टमार्टम कराने, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, शहर एवं डम्पिंग यार्ड में मौजूद समस्त गोवंश को तुरंत गौशालाओं में स्थानांतरित करने तथा डम्पिंग यार्ड की चारदीवारी निर्माण के साथ स्थायी सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था करने की मांग शामिल है।
वहीं विश्व हिंदू परिषद की ओर से फतेह सिंह जांगिड़, वासुदेव शर्मा, विनोद सैन, हरिकिशन व्यास, बलदेव दास भादानी, मनु सेवग, लक्ष्मण उपाध्याय एवं यशविंदर सिंह मौजूद रहे।
VHP पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो सेवा समिति एवं विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में समस्त गौ-भक्त श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर स्थित मुख्यमंत्री सभा स्थल तक पैदल कूच करेंगे और मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखेंगे। इसके लिए प्रशासन से अनुमति प्रदान करने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान गोवंश संरक्षण को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी देखने को मिली, वहीं प्रशासन से जल्द समाधान की अपेक्षा जताई गई।