WhatsApp Menu
26 अप्रैल 2026 का पंचांग, साथ जाने और भी कई खास बातें आचार्य श्रीडूंगरगढ़ ONE के साथ।  |  बाडेला में स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में कायम होगा नया मुकाम, “अभिज्ञान सरोकार” स्कूल का हुआ भव्य उद्घाटन।  |  संत सान्निध्य में संकीर्तन के साथ निकलेगी गौ सम्मान रैली, शनिवार को तीन गांवो में किया जनसंपर्क।  |  श्रीडूंगरगढ़ मंडी से देखें सभी जिंसो के “आज के भाव”  |  10 दिन में ट्यूबवेल निर्माण का आश्वासन, टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की शुरू।  | 

श्रीडूंगरगढ़ अंचल में परवान पर होली का रंग: सातलेरा में फागोत्सव की धूम, चंग की थाप पर झूमे रसिये, हजारों दर्शकों ने लिया आनंद

डूंगरगढ़ one 28 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। रंगों के त्योहार होली के नजदीक आते ही श्रीडूंगरगढ़ अंचल होली की मस्ती में रंगता नजर आ रहा है। गांव-गांव फागोत्सव की धूम मची हुई है। शनिवार को गांव सातलेरा में आयोजित फागोत्सव कार्यक्रम में होली का उल्लास चरम पर रहा।

पैरों में घुंघरुओं की झंकार, माथे पर केसरिया साफा, पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सजे युवा, बुजुर्ग और महिलाओं के वेश में महरी बने युवक पूरा माहौल रंग, राग और रस से सराबोर नजर आया। हारमोनियम की मधुर ध्वनि और बांसुरी की सुरीली तान पर रसियों ने जमकर नृत्य किया।

श्री वीर बिग्गाजी स्टेडियम स्थित ठाकुरजी मंदिर के सामने आयोजित फागोत्सव का शुभारंभ गौ रक्षक श्री वीर बिग्गाजी महाराज के भजन “घोड़ी आई ओ बिग्गाजी, थारी बारस की ओ दादा तेरस की” से हुआ। इसके बाद आड़सर जालबसर, उदरासर, पाबूसर, श्रीडूंगरगढ़, बिग्गा और सातलेरा की चंग पार्टियों ने चंग पर धमाल की शानदार प्रस्तुतियां दीं।

उदरासर की चंग पार्टी और जालबसर की सती दादी चंग मंडली की प्रस्तुतियों पर दर्शक खुद को रोक नहीं पाए और नाचने लगे। पाबूसर की चंग पार्टी ने भी खूब तालियां बटोरीं। बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया।

फागोत्सव में श्रीडूंगरगढ़, तोलियासर, जैतासर, जैसलसर, बिग्गा, ठुकरियासर, अभयसिंहपुरा, कितासर, रामसरा, सातलेरा सहित आसपास की ढाणियों से हजारों दर्शक पहुंचे। आयोजन को लेकर बड़ा टेंट लगाया गया तथा महिलाओं और पुरुषों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की गई। दर्शकों के लिए चाय-पानी की भी समुचित व्यवस्था की गई।

आयोजक समिति के मालाराम तावनियां ने सफल आयोजन के लिए सभी ग्रामीणों और युवाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर रंगों के पर्व होली की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

home होम layers मोबाइल नंबर mic ऑडियोज़ smart_display शॉर्ट्स theaters शोज़