श्रीडूंगरगढ़ मानो कृष्णमय हो गया। शनिवार को पूरे क्षेत्र में जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में विशेष सजावट की गई, घरों में लड्डू गोपाल विराजमान हुए और हर तरफ भक्ति के रंग बिखरे रहे।
शहर के सरदारशहर रोड स्थित जयपुर पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। संस्था प्रधान कुंभाराम घिंटाला ने भगवान कृष्ण के अवतार की महिमा का बखान करते हुए गीता के ज्ञान से विद्यार्थियों को अवगत कराया। बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने कृष्ण लीलाओं को जीवंत कर दिया। “राधा कृष्ण बनो” प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, मानो हर कोई राधा और कृष्ण के प्रेम में रंग गया हो। मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने उत्सव में रोमांच भर दिया। स्कूल की एमडी चंद्रमुखी घिंटाला ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की मनोरम कथाएं सुनाईं। पूरा स्टाफ कृष्ण जन्म के उत्सव में आनंदित था, हर चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ रही थी।
सेसोमूं स्कूल में भी कृष्ण जन्माष्टमी का महोत्सव उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। स्कूल के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा और वाइस चेयरपर्सन पद्मा मूंधड़ा कार्यक्रम में शामिल हुए। नर्सरी विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे, जिन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। प्राचार्य सुब्रत कुंडु ने सभी को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
कोटासर की श्रीकरणी गौशाला समिति के प्रांगण में कृष्ण जन्माष्टमी का उल्लास छाया रहा। यहां श्रीकृष्ण पूजन के साथ गौपूजन किया गया। दानदाताओं ने सामूहिक रूप से 11 मण का विशाल खल, मूंग व चूरी का भंडारा गौवंश को समर्पित किया। उड़ीसा प्रवासी मांगीलाल मूंधड़ा दुलचासर, राजेंद्र कुमार जोशी दुलचासर, मुंबई प्रवासी रामेश्वर लाल सुथार दुलचासर, बड़ोदरा प्रवासी सत्येंद्र प्रसाद गुप्ता बरेली ने राशि समर्पण देकर भंडारा भोग लगवाया। गुवाहाटी प्रवासी शिवरतन सोमानी श्रीडूंगरगढ़ ने गौवंश के लिए गुड़ की सेवा दी। गौशाला प्रबंधक ने बताया कि प्रतिवर्ष कृष्ण जन्माष्टमी पर विशाल गौसेवा भंडारा किया जाता है। समिति ने गांव में सुख समृद्धि की कामना करते हुए गौशाला के दानदाताओं को शुभकामनाएं दीं। शुक्रवार को गौशाला में ध्वज फहरा कर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। वहीं गौशाला आए दानदाता परिवार के प्रदीप सैन व रामकन्या सैन के पुत्र का जन्मदिन गौवंश को लापसी भोग लगाकर मनाया गया। इस दौरान सीताराम नाई, नेमीचंद नाई, गोविंदराम नाई, लीलाधर नाई, श्रीभगवान नाई, कैलाश नाई, हरिओम नाई, अभिषेक नाई, राहुल, अनुराग, आशीष, रामधन, नंदलाल नाई, बालकिशन नाई, लूणाराम सैन सहित परिवार के अन्य लोग मौजूद रहें। वहीं दुलचासर निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य रामनिवास महिया, किशनलाल महिया, धर्मेंद्र स्वामी, महेंद्रसिंह पड़िहार, सुनील मूंधड़ा दुलचासर गौशाला पहुंचे। कालूराम टोगसिया कालूबास श्रीडूंगरगढ़ ने भी अपने दोहिते के जन्मदिन पर राशि समर्पण किया। समिति सदस्यों ने सभी का स्वागत करते हुए आभार जताया।
आड़सर बास में हरिरामजी मंदिर के पास पंघाल परिवार द्वारा जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव शाम 8 बजे प्रारंभ होगा और भजन कलाकार पंडित कैलाश शास्त्री द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में सजीव झांकियां सजाई जाएंगी और कन्हैया को माखन का भोग लगाया जाएगा। शास्त्री ने कार्यक्रम में कृष्ण भक्तों को शामिल होने का आग्रह किया है।
वहीं क्षेत्र में गली-गली, घर-घर उत्सव का माहौल छाया है। घर घर रात को जन्माष्टमी पूजन होगा। लोगों ने व्रत उपवास रखा है व मध्यरात्रि की कृष्ण आरती के बाद पारणा करेंगे। घरों में छोटे बच्चों को कृष्ण राधा के रूप में सजाकर भजन कीर्तन के आयोजन कर रहें है। वहीं लड्डूगोपाल व मंदिर को सजाया जा रहा है।