श्रीडूंगरगढ़ ONE 4 फरवरी 2026। क्षेत्र के एक गांव में हर किसी का दिल दहल गया है, ग्रामीण चोरों के आतंक से भयभीत है। ग्रामीण एक परिवार को हुए भारी नुकसान में पुलिस से चोरों को पकड़ने और सामान बरामद करवाने की मांग कर रहें है।
क्षेत्र के गांव इंदपालसर में हथाना रोड पर बनी रामचंद्र पुत्र शेरदास स्वामी की ढाणी में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर बीती रात खेत में चारागृह की छत पर चढ़कर घर की छत पर चढें और छत पर लगा जाल हटाकर रस्सी के सहारे आंगन में उतरे। चोरों ने एक कमरे के लगा ताला तोड़ा और तीन महिलाओं सहित घर के पुरूषों व बच्चों के लिए बनाए हुए सोने चांदी के गहने व नगदी चोरी कर ले गए। चोरों ने कमरे में रखी संदूक व अटैचियों को पूरी तरह से खंगाला और कीमती सामान लेकर छत के रास्ते ही वापस लौट गए। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगातार चोरियां हो रही है और पुलिस ने एक का भी खुलासा नहीं किया है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए है और कड़ी नाराजगी जताते हुए गश्त बढ़ाने और चोरों को पकड़ कर सामान बरामद करवाने की मांग कर रहें है। चोरों की करतूत से परिवार सदमे में है और पुलिस को सूचना दे दी गई है।
हुआ भारी नुकसान।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। रामचंद्र स्वामी स्वयं सूरत रहता है और घर में उसके छोटे भाई की पत्नी व बच्चे एक कमरे में सो रहें थे। वहीं पास में ही बने एक मकान में उसके पिता व भाई सो रहें थे। किसी को कानों कान खबर नहीं लगी और चोर मेहनत की कमाई से बनाए घर की औरतों के सभी गहने ले जाने में कामयाब हो गए। चोर घर से दो बोरिया, दो रखड़ी सेट, एक टूस्सी, हार सेट, कान के झूमके, एक मंगलसूत्र, कान के लूंग पांच जोड़ी, बच्चों को कान की बालियां दो जोड़ी, सोने की अंगूठी, चार पांच जोड़ी चांदी की पायलें, चांदी के 8 सिक्के, चांदी की चैन, करीब 250 ग्राम पुरानी टूटी फुटी चांदी, करीब 2000 रूपए नगदी चोरी कर ले गए।