श्रीडूंगरगढ़ ONE 26 फरवरी 2026। क्षेत्र में होली की रंगत परवान पर चढ़ने लगी है एवं जैसे जैसे होली के दिन नजदीक आ रहे है वैसे वैसे रसियो की टोलियां अपने अपने कार्यक्रमों के आयोजन में जूट रही है। पढ़ें क्षेत्र से होली की खबर।
मोमासर में लगा डंका, शुरू हुई घिंदड।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। क्षेत्र की सबसे प्रसिद्ध घिंदड गांव मोमासर में होती है एवं गांव के मुख्य बाजार में स्थित घिंदड मैदान पर गुरूवार को डंका बजने के साथ ही घिंदड शुरू हो गई है। विधि विधान एवं पूजन के साथ डंका लगा एवं गांव में रसिए युवा घिंदड का आंनद लेना शुरू कर चुके है एवं हर दिन यह संख्या आस पास के गांवों से भी रसियों के पहुंचने के साथ बढ़ती जाएगी। यहां गांव के मुख्य बाजार की भव्य सजावट की गई है एवं 2 मार्च को होली के दिन हजारों की संख्या में रसिए घिंदड खेलेगें एवं सैंकड़ों की संख्या में विभिन्न स्वांग बन कर होली का आंनद लेगें। आयोजन की तैयारियों में ग्रामीण सामूहिक रूप से जुट चुके है एवं कार्यक्रम को भव्यतम करने के प्रयासों में लगे हुए है। दो मार्च को होने वाले मुख्य कार्यक्रम का लाईव प्रसारण श्रीडूंगरगढ़ ONE के फेसबुक पेज पर भी किया जाएगा।
श्रीडूंगरगढ़ में कई जगहों पर हो रहे है चंग-धमाल।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। होली की रंगत श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भी अपने रंग में आने लगी है एवं कस्बे में भी कई जगहों पर चंग-धमाल के आयोजन हो रहे है। कस्बे के बिग्गाबास में स्थित गोविंदराम चांडक के नोहरे में मस्ताना रसिया ग्रुप द्वारा धमाल शुरू किया गया है। यहां प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से धमाल व लोकगीतों को गाते हुए रसिए चंग धमाल पर नाच रहे है एवं होली की मस्ती ले रहे है। यहां प्रतिदिन दर्शक के रूप में मोहल्लेवासी भी पहुंच रहे है। इसी प्रकार मोमासर बास के घींदड मैदान में घींदड के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है एवं मोहल्लेवासी उत्साह में डूबे हुए है। कालूबास में नेहरू पार्क के पास भी चंग-धमाल का आयोजन प्रतिवर्ष होता है। इनके अलावा भी विभिन्न रसियो की टीमों द्वारा अलग अलग आयोजन किया जा रहा है।
मिंगसरिया में 27 से शुरू होगा फागण महोत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। क्षेत्र के गांव मिंगसरिया में इस वर्ष पहली बार फागण महोत्सव का भव्य आयोजन ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से किया जा रहा है। गांव के मुख्य गुवाड़ में 27, 28 फरवरी एवं 1 मार्च को होली की पारंपरिक वेशभुषा में प्रसिद्ध कलाकार चंग-धमालों की प्रस्तुतियां देगें। ग्रामीणों ने इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।