श्रीडूंगरगढ़ ONE 23 अप्रैल 2026। क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद है और बेखौफ चोर चोरी की वारदातों को अंजाम ही नहीं दे रहें बल्कि पुलिस को ललकारने वाली हरकतों से भी बाज नहीं आ रहें है। बीती रात हुई वारदात के बाद ग्रामीणों में रोष है और वे नाराजगी जताने एकत्र होकर श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंच रहें है।
श्रीडूंगरगढ़ उपखंड के सीमावर्ती गांव सोनियासर मीठिया में बीती रात करीब 2 बजे मेघवालों के मोहल्ले में दुबई रहने वाले गोविंदराम पुत्र गिरधारीराम कताला के घर में पीछे के दरवाजे से चोर घुसे। चोर ने कमरे का ताला तोड़ा और अलमारी व संदूकों के ताले तोड़कर सारा सामान खंगाला। चोर ने करीब 20 हजार रूपए नगदी व सोने की बालियां, मंगलसूत्र, अंगूठियां, चांदी की पायल आदि कीमती सामान चोरी कर लिए। मेघवालों के मोहल्ले के बीच में स्थित गोविंदराम के मकान में उनकी पत्नी व बच्चे घर की बाखल में सो रहें थे। चोर ने सो रही युवती के पैरों से पायल निकालने का प्रयास किया। युवती को जाग होने और चिल्लाने पर मोहल्ले में जाग हो गई और चोर भाग छुटा। कुछ ही पल में आस पड़ौस के घरों में सो रहें लोग दौड़ कर आ गए और चोरों का पीछा किया। गांव के बाहर मोटरसाइकिल खड़ी कर गांव में घुसे चोर मोटरसाइकिल तक पहुंचकर भागने में कामयाब हो गए। मोहल्ले के युवा सोनू धानिया ने बताया कि रामेश्वर पड़ियार, विनोद कताला, ओमप्रकाश पटीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सुबह एकत्र हुए और श्रीडूंगरगढ़ थाने के लिए रवाना हो गए है। ग्रामीण प्रशासन से सख्त कार्रवाई के साथ माल बरामद करवाने व लगातार गांव में हो रही वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग कर रहें है।