श्रीडूंगरगढ़ ONE 18 जनवरी 2026। अचंल में ग्रामीण पीने के पानी के लिए तरस रहें है और गांव के हिस्से का लाखों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है। इस व्यर्थ बह रहें पानी से करीब 1 किलोमीटर का तालाब बन गया है और ग्रामीण व किसान बुरी तरह से परेशान हो रहें है। विदित रहें क्षेत्र में पेयजल के लिए लोग जूझ रहें है वहीं विभाग की बेपरवाही से पानी की बर्बादी देखकर लोग चितिंत भी है।
क्षेत्र के गांव उदासर चारणान के ताल में एक सरकारी ट्यूबवैल बना है। इस ट्यूबवैल से गांव लाखनसर को पेयजलापूर्ति की जाती है। पेयजल आपूर्ति की लाइन पूरी तरह से टूट फुट गई है। इससे लाखों लीटर पानी प्रतिदिन व्यर्थ बह रहा है और ग्रामीणों को पानी नहीं मिल रहा है। इस पानी से लाखनसर की रोही में करीब 1 किलोमीटर का तालाब सा बन गया है जहां पेयजल भर रहा है। इससे आस पास के किसान और सड़क पर आने जाने वाले भी परेशानी का अनुभव कर रहें है। इसी रोही के किसान व जागरूक युवा सुनील पेड़िवाल ने बताया कि 181 पर अनेकों बार शिकायत करने पर भी कोई अधिकारी या कर्मचारी नहीं आया है। समस्या का समाधान तो दूर समस्या का निरीक्षण करने की जहमत भी विभागीय अधिकारी नहीं उठाते है। पेड़िवाल सहित मुन्नीदास, राजूदास, गिरधर, सोहनदास, सांवलदास, महेश, रिछपाल, रजत व नवरत्न ने विधायक ताराचंद सारस्वत को पत्र देते हुए समस्या का निस्तारण करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि एक माह से पानी व्यर्थ बह रहा है और कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने विधायक को पत्र देते हुए इस लाइन को दुरस्त करवाने की मांग की है। जिससे गांव लाखनसर को उसके हिस्से का पानी मिल सके और ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध हो सकें।