श्रीडूंगरगढ़ ONE 10 मार्च 2026। कूल्हे की असहनीय पीड़ा झेल रहें एक 65 वर्षीय बुजुर्ग को 10 सालों बाद सोमवार को पीड़ा से राहत मिल गई।
उपजिला अस्पताल में हड्डी रोग विभाग में कूल्हे के सफल प्रत्यारोपण की बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सोमवार को ऑर्थो सर्जन डॉ जगदीश गोदारा ने अपनी टीम के साथ 65 वर्षीय जगदीश प्रसाद के दोनों कूल्हों का सफल प्रत्यारोपण किया। डॉ गोदारा ने बताया कि मरीज जगदीश प्रसाद पिछले 10 सालों से कूल्हों के गंभीर रोग ऑस्टियो आर्थराइटिस से पीड़ित थे। स्थिति इतनी गंभीर थी कि कूल्हे की हड्डी पूरी तरह खराब हो चुकी थी और उनका चलना फिरना दूभर हो गया था। लंबे समय तक दर्द निवारक दवाओं के सहारे रहने के बाद, गत एक माह से उनकी तकलीफ असहनीय हो गई थी और दवाओं ने भी असर करना बंद कर दिया था।
परिजनों ने 20 फरवरी को मरीज को उपजिला अस्पताल में डॉ गोदारा को दिखाया। डॉ गोदारा ने एक्सरे के बाद पाया कि कूल्हे का जोड़ पूरी तरह से डैमेज हो चुका है, जिसका एकमात्र समाधान ऑपरेशन ही था। सोमवार को डॉ ने पूरी टीम के साथ जटिल सर्जरी के जरिए दोनों कूल्हों का सफल प्रत्याोपण किया। टोटल हिप रिप्लेसमेंट की जटिल सर्जरी सफल होने पर अस्पताल में खुशी का माहौल छा गया। अस्पताल प्रभारी डॉ ओमप्रकाश स्वामी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ एसके बिहानी सहित अस्पताल स्टाफ ने डॉ गोदारा को सफल ऑपरेशन की बधाई दी। डॉ स्वामी ने बताया कि अस्पताल में कुशल विशेषज्ञों व पर्याप्त नर्सिंगकर्मियों की नियुक्ति के बाद चिकित्सा सेवाओं में लगातार विस्तार व आमजन को राहत देने के लिए अनेक कदम उठाए जा रहें है।