श्रीडूंगरगढ़, 17 अगस्त 2025। भाद्रपद मास आते ही बाबा रामदेव के भक्तों के हृदय में उमंग का सागर हिलोरें मारने लगा है। रूणीचा जाने वाले पैदल यात्री संघों की तैयारियां श्रीडूंगरगढ़ में देखते ही बन रही हैं।
शहर से 15 से अधिक पैदल यात्री संघ बाबा के दर्शन के लिए प्रस्थान करेंगे। दिन भर कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं और वाहनों पर लगे माइक-स्पीकरों से बाबा के भजनों की मधुर ध्वनि से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया है।
सभी संघों द्वारा पैदल यात्रा के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है, जिसकी शुरुआत आज से हो रही है।
रूणेचा पैदल यात्री सुखी संघ सेवा समिति अपनी 25वीं फेरी के उपलक्ष्य में आज शाम एक भव्य रात्रि जागरण का आयोजन करने जा रही है। संघ के अध्यक्ष अरुण पारीक ने बताया कि 21 अगस्त को प्रस्थान होगा, लेकिन उससे पहले, आज 17 अगस्त को कालूबास स्थित दधीमथी माता मंदिर के पास रात्रि जागरण आयोजित किया जाएगा।
इस जागरण में नागौर से प्रसिद्ध गायक कलाकार महावीर सांखला, श्रीडूंगरगढ़ से हनुमान कुदाल अपनी मधुर आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। वहीं, नृत्य कलाकार टीना फलौदी, राजल बीकानेरी, खुशी चौधरी और बाल नृत्य कलाकार गौरी पुष्करणा अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। जागरण की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
सुखी संघ द्वारा आयोजित इस विशेष जागरण में श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के 15 रूणेचा पैदल यात्री संघों का अभिनंदन किया जाएगा। इन संघों में श्रीडूंगरगढ़ के रूणेचा पैदल यात्री संघ ट्रस्ट, डोर टू डोर रूणेचा पैदल यात्री सेवा समिति, मित्र मंडल रामदेवरा पैदल यात्री संघ, द्वारकाधीश रूणेचा पैदल यात्री संघ, बाबा रामदेव रामा सेवा समिति, रूणेचा पैदल यात्री सेवा समिति बिग्गाबास, भक्त मंडल वाल्मिकी संघ, आपणो संघ ध्वजाबंदधारी, मंनतपुरी रूणेचा धाम पैदल यात्री संघ, रूणेचा पैदल यात्री संघ, न्यू सुखी संघ, युवा वाल्मिकी मित्र मंडल, रूणेचा पैदल यात्री सत्यक संघ, रूणेचा पैदल यात्री संघ शांति मंडल, रूणेचा पैदल यात्री अपना संघ शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, यात्रा में शामिल होने वाले गांव उदरासर के सुखी संघ सेवा समिति, यात्रा में सेवाएं देने वाले दुलचासर सेवा दल, रामावत मित्र मंडल बीकानेर का भी अभिनंदन किया जाएगा। यह आयोजन न केवल भक्ति का प्रतीक है, बल्कि समुदाय के एकजुट होकर सेवा करने की भावना को भी दर्शाता है।