श्रीडूंगरगढ़ ONE 9 मार्च 2026। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की खास खबरें एक साथ।
सेरडिया को दी श्रृद्धांजलि, किया युवाओं का सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। स्थानीय खादी ग्रामोद्योग विकास समिति के पूर्व अध्यक्ष भूराराम सेरडिया की 24वीं पुण्यतिथि पर खादी समिति भवन में श्रृद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। मौन से शुरू इस सभा में साहित्यकार श्याम महर्षि, एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य ने सेरडिया के जीवन को याद करते हुए उन्हें गांधी वादी चिंतक बताते हुए उनका खादी विकास में योगदान अभूतपूर्व बताया। कांग्रेस नेता विमल भाटी ने सेरडिया के जीवन से युवाओं को प्रेरणा लेकर खादी अपनाने का आह़्वान किया। कार्यक्रम के दौरान खादी समिति द्वारा आयोजित सामान्य ज्ञान एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया व इस दौरान क्रय विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष तुलछीराम गोदारा, प्रभुदयाल डेलू, भूराराम प्रजापत, कुम्भाराम गोदारा, श्रवण कुमार भामू, डालूराम कस्वां, परमेश्वरदास स्वामी, कुम्भाराम घिंटाला, धर्माराम कुकणा, जगदीश प्रसाद शर्मा, जयचन्द सेरडिया, राजु गुर्जर, रामनिवास महिया, भागुराम जाखड़, सुरजाराम महिया, केशराराम कड़वासरा, शिव पुरोहित, भंवरलाल जाखड़, दयानन्द बेनीवाल, अशोक गोदारा, रामनिवास जाखड़ सहित कई प्रबुद्धजनों की मौजूदगी रही एवं सुशील सेरडिया ने आभार जताया।
सीएसआर फंड में मिले लाखों के उपकरण, 11 जनें सुन सकेगें दुनिया की आवाज।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। स्थानीय राउमावि में सोमवार को 11 श्रवण क्षमता बाधित बच्चों को सुनने की मशीन का वितरण किया गया। सरकार की पहल पर लाखों रुपए के इन उपकरणों का वितरण सीएसआर फंड में जुनीपर ग्रीन एनर्जी द्वारा किया गया। विदित रहे कि गत 28 फरवरी को इसी विद्यालय में श्रवण क्षमता में कमी वाले विद्यार्थियों का चयन शिविर आयोजित किया गया था। जिसमें तहसील क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने वाले एवं सुनने में दिक्कत वाले 31 बच्चों का पंजीयन हुआ था। इन सभी 31 बच्चों का चिकित्सकीय परीक्षण करने के बाद मशीन से सुनने योग्य बनने वाले 11 बच्चों का चयन किया गया एवं इन चयनित सभी विद्यार्थियों को सोमवार को यह उपकरण वितरित किए गए। प्राचार्या ममता गोयल, व्याख्याता कमल किशोर पिपलवा, संदर्भ केन्द्र प्रभारी रमेश कुमार बिठ्ठू, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी महावीर प्रसाद मौजूद रहे।
गौभक्तों के सहयोग से किया जाएगा टिन शैड का निर्माण।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। श्री करणी गो सेवा समिति कोटासर में गर्मी को देखते हुए बड़ा टिन शैड बनवाने की योजना गौशाला कार्यकर्ताओं ने बनाई है। इसके लिए 31 दानदाताओं द्वारा 21-21 हजार रुपए का अर्थ सहयोग लिया जा रहा है एवं अभी तक 15 दानदाताओं ने अपनी पहल कर अर्थ सहयोग की घोषणा की है। गौशाला के अग्रसिंह पड़िहार ने बताया कि गर्मी के कारण गौशाला में टिन शैड़ की आवश्यकता बढ़ गई है एवं जल्द ही सामूहिक सहयोग से यह निर्माण करवाया जाएगा।
भागवत कथा का आयोजन 3 अप्रेल से।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। कस्बे के कालूबास में शिवबक्श, देवकिशन, हरिप्रसाद जोशी परिवार द्वारा आगामी 3 अप्रैल से 9 अप्रैल तक भागवत कथा का आयोजन करवाया जाएगा। मोहल्ले के मोहता पैलेस में होने वाली इस कथा में प्रतिदिन दोहपर 1.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक कथावाचक संतोष सागर महाराज प्रवचन देगें।