WhatsApp Menu
25 मार्च को होगी धर्मयात्रा, बोहरा को मिली प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी, पढें विहिप की ख़बर।  |  नाबालिग के साथ बदसलूकी करते हुए रंग लगाने, घर में घुसकर भाई व माँ से मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज।  |  पुरानी रंजिश में रोका रास्ता, की मारपीट, बेटी बचाने आई तो बदतमीजी की, मामला दर्ज।  |  श्रीडूंगरगढ़ मंडी से देखें सभी जिंसो के आज के भाव  |  दो बालिकाओं के पिता की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम  | 

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर विद्यार्थियों ने दिखाया खेलों का जोश

डूंगरगढ़, 29 अगस्त, 2025। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति में आज श्रीडूंगरगढ़ के राजकीय महाविद्यालय और राजकीय सदू देवी पारख कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। खेल के मैदान में विद्यार्थियों की ऊर्जा और उत्साह देखते ही बनता था।

दिन की शुरुआत दौड़ प्रतियोगिता से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने दमखम दिखाया। इसके बाद शतरंज की बिसात पर चालों का खेल चला, तो कैरम बोर्ड पर गोटियों की खनक सुनाई दी। तश्तरी फेंकने की प्रतियोगिता में भी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य महावीर नाथ ने इस अवसर पर खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है, और इसके लिए खेलों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। प्रतियोगिताओं का संचालन खेल प्रभारी दलीप सिंह सेरङिया ने किया, जिसमें अमित तंवर, राजश्री स्वामी, शुभनंदिनी समेत महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने सहयोग दिया।

उधर, राजकीय सदू देवी पारख कन्या महाविद्यालय में भी खेल दिवस की धूम रही। प्रभारी जितेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि हर वर्ष 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती पर यह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य भारत की समृद्ध खेल परंपरा को सम्मान देना और युवाओं को फिटनेस व खेलों से जोड़ना है। छात्राओं ने खेलों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और व्यायाम तथा खेलकूद से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लिया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के फिट इंडिया मिशन के तहत 29 से 31 अगस्त तक महाविद्यालय में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

home होम layers मोबाइल नंबर mic ऑडियोज़ smart_display शॉर्ट्स theaters शोज़