श्रीडूंगरगढ़ ONE 22 जनवरी 2026। समाज एकजुट होकर उत्तरोत्तर सशक्त बने और अपनी संस्कृति से जुड़ा रहें, वही समाज प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। ये संदेश गांव तोलियासर के गणेश मंदिर में आयोजित हिंदू धर्म सम्मेलन में संत गोपालदास जी महाराज ने दिया। उन्होंने धर्म व संस्कारों की रक्षा का आह्वान करते हुए हिंदू समाज को एकता के सूत्र में बंध कर सशक्त बनाने की बात कही। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गंगासिंह ने हिंदू समाज की पहचान बताते हुए एकता व मजबूती पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने वर्तमान समय में समाज को संगठित और जागरूक रहने की आवश्यकता जताई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुमन शर्मा ने परिवार में माताओं की भूमिका पर बल देते हुए कहा कि महिलाओं को बच्चों में हिंदू संस्कार, परंपरा और संस्कृति का संचार करना चाहिए। वहीं कार्यक्रम के समापन सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक जगदीश रतनपुरा ने राजस्थानी भाषा में प्रभावी ढंग से भारतीय परंपराओं की वैज्ञानिकता बताते हुए समाज को पूर्वजों की परंपराओं को अपनाने, जातिगत भेदभाव से दूर रहने तथा महिलाओं को समान अवसर व सम्मान देने का संदेश दिया। कार्यक्रम से पूर्व राम दरबार की सुदंर झांकी सजाई गई और गांव के मुख्य मार्गों से कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में महिला शक्ति व युवतियां शामिल हुई। कार्यक्रम का आरंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के पूजन से किया गया। कमल प्रजापत ने देशभक्ति भाव से ओतप्रोत कविता पाठ किया व महेंद्र ने राष्ट्रगीत की प्रस्तुति मंच पर दी। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राज सर ने किया। सम्मेलन में प्रदीप सिंह, किशोर, लक्ष्मीनारायण सहित गांव के अनेक मौजिज लोग, मातृशक्ति व युवा शक्ति शामिल रहीं। सम्मेलन संपन्न होने पर सभी ने सामूहिक रूप से जय श्री राम के जयघोष व भारत माता के जयकारे लगाए, जिससे वातावरण में वीर व भक्ति रस का संचार हुआ।