श्रीडूंगरगढ़ ONE 22 फरवरी 2026। क्षेत्र के कस्बे सूडसर में मुख्य बाजार स्थित उपडाकघर के समक्ष रविवार को सूडसर उपडाकघर बचाओ संघर्ष समिति ने आंदोलन तेज करते हुए विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां जारी धरने 27वें दिन आक्रोशित धरनार्थियों ने धरना स्थल पर बैठक की ओर आंदोलन की आगामी रणनीति बनाई। धरनार्थियों ने बाजार के मुख्य चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए डाक विभाग के सहायक निदेशक (एडीपीएस) का पुतला भी फूंका। धरना स्थल पर गोपालाराम भादू की अध्यक्षता में बैठक हुई। सेवा संगठन के प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू ने प्रशासन पर उदासीन होने का आरोप लगाते हुए कहा कि डाक विभाग धरने व प्रदर्शन की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। डाक विभाग का यह तुगलकी फरमान क्षेत्र की जनता को कतई स्वीकार नहीं है और आंदोलन को तेज किया जाएगा। शेखर रेगर ने कहा कि प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया है, और 27 दिन बाद भी प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। जगदीश स्वामी ने बताया कि आंदोलन को तेज किए बिना प्रशासन सुनने वाला नहीं है। इस दौरान टेऊ के उप प्रशासक लालूराम सारण, दुलचासर के पूर्व उप सरपंच ओमप्रकाश सोनी, कोजूराम खोड, पूर्णमल गोदारा, सीताराम खोड, राजेन्द्र जाखड़, खींयाराम रेगर, रमेश दुगरिया, अमित माहिच, हंसराज रेगर,अरूण दर्जी, भगवानाराम नवल, चंपालाल कटारिया, मांगीलाल मेघवाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।