श्रीडूंगरगढ़ ONE 26 जनवरी 2026। आज देश 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है, वहीं श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के विद्यार्थी स्कूल में पीने का पानी नहीं होने व शौचालय नहीं होने की समस्या से जूझ रहें है। स्कूल में कमरों की भी कमी है।
जिस क्षेत्र में जनता के हक के रूपए विधायक कोटे पर विधायक कुंडली मार कर बैठे हो और दो साल में शिक्षा पर 0 खर्च किया गया है, उस क्षेत्र में कीतासर बीदावतान के बेगलाव पायतान के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में बालिकाएं पेशाब करने के लिए भी ओट ताकती है। स्कूल में ना पीने के पानी की सुविधा है ना शौचालय बने है। स्कूल स्टाफ में बाहर से आने वाली चार शिक्षिकाएं भी हैरान परेशान है परंतु वे नौकरी के चलते कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। अभिभावक बुरी तरह से परेशान है, उनका डर है कि कैमरे वाले फोन हर हाथ में है, और ऐसे में हर समय किसी अनहोनी के ना हो जाने का डर सताता है। वहीं बालिकाएं भी समस्या से व्यथित है। अभिभावकों ने बताया कि 181 से लेकर उपखंड प्रशासन, सरपंच से लेकर सांसद तक हमने पानी की सुविधा करवाने और शौचालय निर्माण करवाने की मांग कर चुके है। स्कूल में शौचालय जर्जरावस्था में है और गेट भी नहीं, बालिकाओं ने कहा ये भारी समस्या है।
1999 में बने इस विद्यालय में आज तक पेयजल की सुचारू व्यवस्था नहीं हुई है। यहां मीड डे मील का खाना पकाना हो या बच्चों के पीने के पानी की व्यवस्था करनी हो, पानी या तो स्टाफ टैंकर डलवाता है या आस पास की ढाणियों से लेकर काम किया जा रहा है। अभिभावकों का आरोप है कि मात्र दो किलोमीटर दूर स्थित बड़े स्कूल में ट्यूबवेल है परंतु वहां से पाईप लाईन नहीं डाली जा रही है। जिसके चलते स्कूल में पानी नहीं आ रहा है। पानी नहीं होने से यहां लगाए गए पेड़ पौधे भी अधिकांश समाप्त हो गए है। रतनाराम, भूराराम, प्रभुराम, रूपाराम, दानाराम व आदूराम मेघवाल ने बताया कि अभिभावक शिकायतें कर करके परेशान हो गए है। परंतु कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। अभिभावकों ने बताया कि स्कूल में 63 बच्चे है, जिनमें 3 ओबीसी वर्ग के है, शेष सभी दलित वर्ग के है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल कीतासर बीदावतान में आ गया है व बच्चे आस पास की ढाणियों से कीतासर भाटीयान के आ रहें है। आदूराम ने बताया कि जो भी सिस्टम ऊपर से नीचे तक एक जैसा ही है और स्कूल में भयंकर समस्या से बच्चे जूझ रहें है।
विद्यालय प्रभारी भंवरलाल ने बताया कि पानी की समस्या का समाधान कने व नए शौचालय निर्माण करवाने के लिए विभाग को लिखित में दिया हुआ है।
सरपंच कीतासर बीदावतान के सरपंच सांवरमल मेघवाल ने बताया कि पानी की समस्या व शौचालयों की समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहें है। ग्राम पंचायत से यहां पानी का कुंड तो बनवा दिया गया है।
सरपंच कीतासर भाटीयान के सरपंच प्रतिनिधि भंवरलाल पूनियां ने बताया कि स्कूल का क्षेत्र बीदावतान का पड़ता है। बच्चे भाटीयान के है, इस नाते वहां काम करवाने का प्रयास किया परंतु ग्राम पंचायत द्वारा एनओसी नहीं दिए जाने के कारण काम अटक गया। वहीं शौचालयों के रखरखाव के लिए गत 15 अगस्त को 10 हजार रूपए दिए थे। ये स्कूल गांव से दूर पड़ता है परंतु समस्या समाधान के लिए प्रयास कर रहें है।