श्रीडूंगरगढ़ ONE 5 दिसम्बर 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की खास खबरें एक साथ, एक नजर में।
1- विधायक ने किया आडसर में पीएससी भवन का शिलान्यास।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। गत सरकार द्वारा घोषित किए गए गांव आडसर में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लंबे समय तक स्थान बदलने के प्रयास में उलझा रहा एवं अब आखिर शुक्रवार को क्षेत्रिय विधायक ताराचंद सारस्वत के हाथों से एक करोड़ 43 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस चिकित्सालय का शिलान्यास हुआ। शुक्रवार को समारोहपूर्वक हुए इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विधायक का अभिनंदन किया एवं बड़ी जगह के नाम पर गांव से बाहर ले बनाए जा रहे इस चिकित्सालय को गांव की आबादी के बीच ही बनवाने पर आभार जताया। इस मौके पर विधायक सारस्वत ने राज्य सरकार द्वारा हर दिन विकास के नए आयाम स्थापित करने की बात कही और श्रीडूंगरगढ़ के विकास में लगातार प्रयास जारी रखना ही अपना लक्ष्य बताया। कार्यक्रम में ब्लाक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सोनी, पंचायती समिति सदस्य प्रतिनिधि भिंयानाथ सिद्ध, सरपंच प्रतिनिधि शिवभगवान जोशी, मोहनसिंह राजपुरोहित, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष गंगाधर शर्मा, देवकरण जोशी, सुरेश राजपुरोहित, भगवती लखारा, बीरबल स्वामी, शुभकरण शर्मा, श्रीडूंगरगढ़ से जगदीश गुर्जर, महेश राजोतिया आदि मौजूद रहे।
2- ब्राह्मण मोहल्ले के 80 घर सात दिनों से अंधेरे में, विभाग से विधायक तक नहीं कर रहे सुनवाई।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। क्षेत्र के गांव बाडेला के ब्राह्मण मोहल्ले के 80 से अधिक घर गत सात दिनों से अंधेरे में है व पूरे गांव में बिजली समस्याएं व्याप्त है। ग्रामीणों ने इस संबध में कई बार विभाग को, विधायक सेवाकेन्द्र में, प्रशासन के सेवा शिविर में अपनी इस समस्या को उठाया लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि ब्राह्मण मोहल्ले में छोटे ट्रांसफारमर पर अधिक कनेक्शन होने के कारण आए दिन जल जाता है एवं अभी भी सात दिनों से जला हुआ पड़ा है। वहीं गांव की गलियों में कई बिजली पोलों पर आए दिन करंट आता है व कई पोल टुटे हुए है। इस कारण आए दिन हादसे होते है। ग्रामीणों ने गांव में कई जगहों पर दो खंभों के बीच की अत्यधिक दूरी होने के कारण तारों के नीचे लटकने की स्थिति से भी अवगत करवाया है एवं हादसों की आशंका जताते हुए गांव की बिजली समस्याओं के समाधान की मांग की है।
3- स्मार्ट मीटर के विरोध में सक्रिय किसान सभा, आज लौटाया अभयसिंहपुरा से।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। क्षेत्र के गांवों में स्मार्ट मीटर के विरोध में किसान सभा जागरूक होकर विरोध कर रही है। पूर्व में लिए गए निर्णय के अनुसार किसान सभा के कार्यकर्ता गांवों में पहरेदारी कर रहे है एवं गांवों में स्मार्ट मीटर लगाने पहुचंने वाले कम्पनी कर्मियों को उल्टे पांव लौटा रहे है। समंदसर, कीतासर सहित कई गांवों से पहले ही लौटाया जा चुका है एवं शुक्रवार को गांव अभयसिंहपुरा में ग्रामीणों ने कम्पनी के कार्मिकों को स्मार्ट मीटर नहीं लगाने दिए। गांव के राउमावि में कम्पनी के प्रतिनिधियों द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाही शुरू की गई एवं जानकारी मिलने पर गांव के बाबूलाल जाट, अर्जुनराम जाखड़, संतोष नाथ सिद्ध, रामूराम जाखड़, ज्ञानीराम लूहार, राजूराम जाखड़, रामुनाथ सिद्ध, रामचंद्र नायक, बीरबल नायक, बाबूलाल खाती, भागीरथ जाखड़ आदि मौके पर पहुंचें एवं मीटर नहीं लगाने दिया। इस मौके पर ग्रामीणों ने जम कर नारेबाजी भी की।
4- राजकीय महाविद्यालय में नशामुक्ति पर विशेष आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। शुक्रवार को स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में नशामुक्ति पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्राचार्य महावीर नाथ ने बताया कि विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए आयोजित व्याख्यान में योगगुरू चरण दास सागर ने नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया एवं स्वंय, समाज व संस्कृति को बचाने के लिए नशे से दूर रहने के लिए संकल्प करवाए। इस मौके पर नशामुक्ति के लिए हस्ताक्षर अभियान का आयोजन भी किया गया एवं युवाओं ने नशा मुक्ति का प्रण लेते हुए अपने हस्ताक्षर किए। इस दौरान व्याख्याता निशा सोड़ा, शुभनंदिनी ने भी नशा मुक्ति की आवश्यकता पर बल दिया।
5- नौ व दस को एक फेरे के लिए बंद रहेगी रतनगढ़-बीकानेर डेमू ट्रेन।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। गाढ़वाला में रेलवे फाटक की जगह रेलवे अंडरब्रिज बनाया जा रहा है एवं इस कार्य के लिए रेलवे द्वारा आगामी 9 दिसम्बर को रात्रि 8.30 बजे रतनगढ़ से बीकानेर के लिए रवाना होने वाली डेमू ट्रेन एवं इसके वापसी फेरे में दस दिसम्बर को सुबह 4.15 बजे बीकानेर से रतनगढ़ के लिए बंद रहेगी। विदित रहे कि रात्रि में बीकानेर जाने वाले यात्रियों के आखिरी एवं अल सुबह बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ की और आने के लिए यह ट्रेन पहली ट्रेन होती है।