रेल यात्रियों के लिए खबर : आंशिक रद्द हुई ट्रेनें, कई के हुए मार्ग परिवर्तन।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। रेल यात्रियों के लिए खास खबर रेल विभाग से आई है। चूरू सादुलपुर रेलखंड पर किए जा रहें दोहरीकरण के चलते रेलवे ने कई ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द कर दी है। इनमें करीब तीन जोड़ी ट्रेने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र को प्रभावित करेगी। बीकानेर हिसार रेलसेवा 3 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक (31 ट्रिप) बीकानेर से रवाना होकर रतनगढ़ तक ही संचालित होगी। वहीं हिसार बीकानेर रेलसेवा 4 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक हिसार के स्थान पर रतनगढ़ से ही बीकानेर आएगी। वहीं रेवाड़ी बीकानेर रेलसेवा भी 4 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक व बीकानेर रेवाड़ी 4 जनवरी से 24 जनवरी 26 तक रेवाड़ी से सादुलपुर तक जाएगी व वहीं से पुन प्रस्थान करेगी। जोधपुर हिसार रेलसेवा 3 जनवरी से 19 जनवरी 2026 तक, हिसार जोधपुर 4 जनवरी से 20 जनवरी 2026 तक जोधपुर से चूरू के बीच ही चलेगी। वहीं चूरू बीकानेर रेलसेवा 20 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक रतनगढ़ से प्रस्थान करेगी, अर्थात ये रेलसेवाएं आंशिक रूप से रद्द रहेगी। वहीं 11 गाड़ियों का मार्ग परिवर्तन भी किया गया है। जिनमें श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र को प्रभावित करने वाली गाड़ी लालगढ़ प्रयागराज रेलसेवा 5, 8, 10,12,15,17, 19 जनवरी 2026 को 7 ट्रिप लालगढ़ से प्रस्थान कर वाया चूरू फतेहपुर शेखावाटी सीकर होकर संचालित होगी।
नेशनल कबड्डी में राजस्थान ने जीता कांस्य पदक।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। 51वीं जूनियर नेशनल कबड्डी में राजस्थान की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया है। मैच कोलकाता में खेले गए और राजस्थान की टीम में क्षेत्र की खुशबू पुत्री हनुमानप्रसाद जोशी व रीड़ी की बालिका मोनिका पुत्र मेघराज छरंग शामिल रही। बालिकाओं ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता हरियाणा की टीम रही और उपविजेता स्पोटर्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम रही। तीसरा स्थान प्राप्त करने पर कोच बलराम जांगिड़ व हेतराम जाखड़ सहित ग्रामीणों ने प्रसन्नता जताई है।
बीकानेर में लगेंगे खाद्य लाईसेंस एवं रजिस्ट्रेशन शिविर।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त द्वारा प्रदेश भर में खाद्य लाईसेंस एवं रजिस्ट्रेशन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि बीकानेर जिले में माह जनवरी एवं फरवरी में विधानसभावार लाईसेंस एवं रजिस्ट्रेशन के लिए कुल 36 शिविरों का आयोजन किया जायेगा। इनमें कोई भी खाद्य कारोबारकर्ता अपना लाईसेंस एवं रजिस्ट्रेशन बनवा सकता है अथवा रिन्यू करवा सकता है। आंगनबाड़ी केन्द्रों, मिड-डे मील स्कूल, आबकारी के अधीन देशी एवं अग्रेजी शराब की दुकान, डेयरी से संबंधित समितियॉं, दुग्ध वाहन व खाद्य पदार्थ आपूर्ति करने वाले वाहन, डेयरी बूथ आदि के लाईसेंस/रजिस्ट्रेशन बनवाया जाना अनिवार्य हैं। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट 2011 की धारा 58/63 के अनुसार बिना खाद्य अनुज्ञा पत्र/रजिस्ट्रेशन के संचालित प्रतिष्ठानों पर अधिकतम 02 लाख/10 लाख रुपए तक की शास्ति का प्रावधान है। शिविरों में खाद्य कारोबारियों के लिए स्वच्छता पर फोसटेक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर ही निःशुल्क जांच की जाएगी। इसके अतिरिक्त दैनिक आहार में पोषक तत्वों से भरपूर और स्वस्थ भोजन को शामिल करने के लिये प्रोत्साहन एवं श्रीअन्न (मिलेट्स) जैसे बाजरा, ज्वार और रागी के स्वास्थ्य लाभों के बारे में आम जनता को जागरूक किया जायेगा। शिविरों में उपरोक्त जानकारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, सुरेंद्र कुमार तथा भानु प्रताप सिंह द्वारा प्रदान की जाएगी।