धारणियां की स्मृति में आयोजित होगा कल सांवतसर में रक्तदान शिविर।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। क्षेत्र के गांव सांवतसर में कल रामरतन धारणियां की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर गांव में एमएस मेमोरियल स्कूल में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा। जिसमें जनसेवा बल्ड सेंटर बीकानेर की टीम द्वारा रक्त संग्रहण किया जाएगा। आयोजकों द्वारा रविवार को शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
प्रेरणीय : बिना दहेज हुआ विवाह, समाज ने की सराहना।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। आजकल क्षेत्र में बिना दान दहेज के होने वाले विवाह समारोह समाज को दहेज मुक्त करने की प्रेरणा दे रहें है। गांव कल्याणसर नया निवासी पीएनबी बैंक में सेवारत नरेंद्र गोदारा पुत्र गोपाल सिंह गोदारा का विवाह मोमासर निवासी शिक्षा विभाग में सेवारत सुमन पूनियां पुत्री दिवंगत ताराचंद पूनियां के साथ संपन्न हुआ। गोपालसिंह गोदारा ने कन्या को ही लक्ष्मी का रूप बताते हुए समठूणी, गहने, उपहार या दहेज को इंकार करते हुए बेटे का विवाह संपन्न करवाया। गहनों के केवल मंगलसूत्र और उपहार में रूपया नारियल लेकर विदाई संपन्न हुई। वधू के चाचा जगदीश पूनियां और वर के चाचा रामप्रताप गोदारा ने बताया कि दोनों पक्षों की सहमति से समाज में दहेज को कुरीति मान कर बंद करने की प्रेरणा देने के लिए दोनों परिवारों ने ये पहल की है। इस मौके पर मौजूद रिश्तेदारों व विभिन्न समाजों के लोगों ने इस पहल की सराहना की।
श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में नवनिर्मित कुश्ती हॉल व मैट का किया उद्घाटन।
श्रीडूंगरगढ़ श्रीडूंगरगढ़ ONE। श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में रविवार को कुश्ती खिलाड़ियों के लिए नवनिर्मित कुश्ती हॉल एवं आधुनिक प्रशिक्षण मैट का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं संस्था अध्यक्ष हरिकिशन बाहेती ने फीता काटकर खेल सुविधाओं का छात्रहित में समर्पण किया। इस मौके पर बाहेती ने खिलाड़ियों को कॉलेज की धरोहर बताते हुए उन्हें क्षेत्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। इस मौके पर संस्था सचिव श्याम महर्षि व रामचंद्र राठी ने खेल को व्यक्तित्व विकास का अनिवार्य हिस्सा बताया। कार्यक्रम में प्रबन्ध समिति के विजयराज सेठिया, महावीर माली, सत्यनारायण योगी, विजय महर्षि, प्राचार्य डॉ. विनोद सुथार, खेल प्रशिक्षक मुकेश जांगिड़ ने भी विचार व्यक्त किए। महावीर प्रसाद धामा ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान महाविद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व विद्यार्थी उपस्थित रहें।