सरकारी विभाग पर लगाए अतिक्रमण के आरोप, मोहल्लेवासियों ने दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। कालूबास में अंबेडकर कॉलोनी के वार्ड 1 में स्थित भोमदास जी की बगीची में जलदाय विभाग द्वारा अतिक्रमण करने के आरोप में मोहल्लेवासियों ने शुक्रवार को एसडीएम को ज्ञापन दिया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि विभाग द्वारा बगीची में पंप लगाने की आड़ में पूरी बगीची की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। मोहल्लेवासियों ने उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा से विभाग को रोकने, पंप के लिए निर्धारित सीमित स्थान पाबंद करने, बगीची की भूमि का संरक्षण सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान लालाराम मेघवाल, चेतनराम मेघवाल, पूर्व पार्षद भंवरलाल मेघवाल, रामकिशन गावड़िया, बेगराज मेघवाल, भादर मेघवाल, संदीप भारतीय, मुकेश भरनावा, सुभाष जावा, अशोक रैगर सहित अनेक मोहल्लेवासी व श्रद्धालु शामिल रहें।
बस फिटनेस सेंटर की मांग, उपमुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ श्रीडूंगरगढ़ ONE। स्कूल एजुकेशन वेलफेयर एसोसिएशन ‘सेवा’ राजस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष कोडाराम भादू की अगुवाई में बसों के अधिकृत फिटनेस सेंटर की मांग उठाई। मंडल सदस्यों ने संभागीय आयुक्त के माध्यम से उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के नाम ज्ञापन दिया। संगठन के मीडिया प्रभारी शैलेश भादानी ने बताया कि श्रीगंगानगर जिले में वर्तमान में एक भी अधिकृत बस फिटनेस सेंटर संचालित नहीं हो रहा है। इसके कारण बस संचालकों, निजी बाल वाहिनी स्वामियों और स्कूल बसों को फिटनेस प्रमाणन के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ता है, जिससे समय, श्रम और आर्थिक संसाधनों की अतिरिक्त हानि होती है। ज्ञापन में मांग की गई है कि श्रीगंगानगर में जल्द वाहन फिटनेस सेंटर स्थापित किया जाए। साथ ही स्थायी व्यवस्था होने तक अस्थायी व्यवस्था या विशेष शिविर लगाकर वाहन स्वामियों को राहत दी जाए। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में शैलेंद्र यादव, कुलदीप यादव और मनीष शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहें।