राजकीय महाविद्यालय, श्रीडूंगरगढ़ में सत्र 2025-26 के लिए एमए (स्नातकोत्तर पूर्वार्द्ध/सेमेस्टर प्रथम) में प्रवेश प्रक्रिया 11 अगस्त 2025 से शुरू होगी। इच्छुक छात्र-छात्राएं 22 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र ई-मित्र के माध्यम से छात्र की एसएसओआईडी द्वारा भरे जाएंगे। नोडल अधिकारी निशा सोडा ने बताया कि वरीयता सूची एवं प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन 27 अगस्त 2025 को किया जाएगा। सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थी 27 से 30 अगस्त तक महाविद्यालय में अपने मूल प्रमाण पत्रों की जांच करवाकर ई-मित्र पर शुल्क जमा करवा सकते हैं। प्रवेशित विद्यार्थियों की पहली सूची 1 सितंबर 2025 को जारी की जाएगी और अध्यापन कार्य 2 सितंबर से प्रारंभ होगा।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने गुरुवार को पशु परिचर भर्ती का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में कुल 5778 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। भर्ती प्रक्रिया में 12 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए सूचीबद्ध किया गया था, जिनमें से योग्य अभ्यर्थियों को चुना गया है। अभ्यर्थियों द्वारा लंबे समय से परिणाम जारी करने की मांग की जा रही थी, क्योंकि यह मामला न्यायालय में लंबित था। न्यायालय से स्थगन आदेश हटने के बाद बोर्ड ने परिणाम जारी किया है। बोर्ड सचिव भागचंद बधाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति अभिशंसा पशुपालन विभाग को भेजी जाएगी।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने मैनेजर और एग्रीकल्चर ऑफिसर के 417 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 अगस्त है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के आवेदकों के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपये है, जबकि एससी, एसटी, ईएसएम, डीईएसएम और सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 175 रुपये है। शुल्क के अतिरिक्त टैक्स और गेटवे चार्ज भी लागू होंगे।
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में जूनियर एसोसिएट्स के 6589 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 अगस्त है। विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट www.sbi.co.in पर जा सकते हैं।
अब पांचवीं और आठवीं बोर्ड की अंकतालिकाओं में संशोधन या डुप्लीकेट अंकतालिका प्राप्त करना आसान हो गया है। अभ्यर्थियों को अब संस्थानों के कई चक्कर नहीं काटने होंगे। वे डाइट की आधिकारिक वेबसाइट https://department.rajasthan.gov.in/sm/department-order/149055/463/4/0 से संबंधित फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। निर्धारित फॉर्म के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर उन्हें डाइट जोधपुर में जमा करवाकर संशोधित या डुप्लीकेट अंकतालिका प्राप्त की जा सकती है।