श्रीडूंगरगढ़ ONE 26 दिसंबर 2025। छुट्टियां बच्चों को प्रिय है वैसे ही आजकल शिक्षा विभाग में कुछ शिक्षकों को भी है। मास्ससाब के आराम में खलल ना हो इसलिए स्कूलों में व्यावसायिक प्रशिक्षण के आदेश धूल फांक रहें है। विभाग में व्यवसायिक प्रशिक्षण स्वीकृत वाले श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के स्कूलों में 25 से 5 जनवरी के शीतकालीन अवकाश के दौरान 10 लाख 20 हजार का बजट 11वीं व 12वीं के युवाओं के प्रशिक्षण के लिए स्वीकृत है। अनेक स्कूलों में कार्यक्रम के नाम पर केवल कागजी खाना पूर्ति करते हुए बजट पूरा उठाने का रिवाज कायम है। वहीं इसी विभाग में कुछ कार्मिक बच्चों की बेहतरी के लिए बजट का उपयोग किए जाने के भी पक्ष में है। स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा देने में विभागीय कार्मिक रूचि नहीं ले रहें है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 और 26 दो दिन बीत जाने के बाद भी ताल मैदान के पीएमश्री राउमावि में व रूपादेवी राउमावि में किसी गतिविधि का संचालन नहीं हो रहा है। विभागीय कार्मिक महावीर प्रसाद ने बताया कि कार्यक्रम की मॉनिटरिंग व्यवस्थित नहीं हो रही है और इस संबंध में विभागीय अधिकारी को आपत्ति दर्ज करवा दी गई है। महावीर प्रसाद ने बताया कि कार्यक्रम के बारे में जानकारी मांगे जाने के बावजूद स्कूलें रूचि नहीं ले रही।
“ओजेटी की मॉनिटिरिंग नहीं किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। कार्यक्रम का संचालन नहीं हो रहा है ये जानकारी नहीं मिली, फिर भी मैं संबंधित कार्मिकों से बातचीत करता हूं।“ ओजेटी कार्यक्रम के जिला प्रोग्रामर नरेंद्र अग्रवाल
कैसे होगा कौशल विकास.?
श्रीडूंगरगढ़ ONE। राज्य सरकार द्वारा राजकीय विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा छात्र-छात्राओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने की मंशा से शुरू की गई है। व्यवसायिक शिक्षा संचालित विद्यालयों द्वारा निर्धारित कार्यक्रमानुसार समय-समय पर आयोजित की जाने वाली गतिविधियों से मार्गदर्शन का अभाव तथा संचालन सही रूप से नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। संबंधित सेक्टर के अनुसार आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं हो पाने के कारण भी अनेक विद्यालयों में योजना केवल औपचारिकता पूर्ण कर राज्य सरकार द्वारा जारी राशि उठा लिए जाने तक सिमट गई है।
10 दिन में 80 घंटो का देना है प्रशिक्षण।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। व्यावसायिक शिक्षा के तहत 11 व 12वीं हेतु ऑन जॉब ट्रेनिंग ओजेटी आयोजित कर 26 दिसंबर से 5 दिसंबर तक 10 दिवसीय ऑन जॉब ट्रेनिंग कुल 80 घंटे की देने का प्रावधान है। इस मद में 60 हजार रू प्रति विद्यालय दिए जाएंगे जो औद्योगिक भ्रमण व ट्रेनिंग के लिए दिए जा रहें है। छात्रों के साथ शिक्षक व छात्राओं के साथ महिला शिक्षिका का होना अनिवार्य किया गया है। ये उपार्जित अवकाश इन शिक्षकों को देय भी होगा। इसके फोटो वीडियो भी तैयार कर जिले व राज्य कार्यालय को भेजे जाने है।
इन स्कूलों में होनी है व्यवसायिक ट्रेनिंग, मिल रहा बजट।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। क्षेत्र में उदरासर, जालबसर, लिखमादेसर, बिग्गा, समंदसर, स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, आड़सर, राजूडू, धनेरू, मोमासर, पूनरासर, धर्मास, सुरजनसर, शेरूणा, लिखमीसर उत्तरादा, जैसलसर, दुसारना बड़ा, शहीद राकेश कुमार चोटिया राउमावि, शहीद सिपाही हेतराम गोदारा राउमावि सोनियासर, ठुकरियासर, रीड़ी, तोलियासर, लखासर, ऊपनी के राउमावि व शहर में ताल मैदान श्रीडूंगरगढ़, राबाउमावि व रूपादेवी मोहता राउमावि में व्यावसायिक शिक्षा के लिए निर्धारित बजट आ रहा है। वार्षिक कार्ययोजना के लिए 2025-26 बजट में 22,50,000 रूपए का बजट श्रीडूंगरगढ़ के इन विद्यालयों को प्राप्त होना है। वहीं दस दिन की 80 घंटो की ट्रेनिंग का बजट भी अलग से दिया जा रहा है। गतिविधियों का संचालन हो या ना हो इनमें बजट पूरा उठाया जाता रहा है।