डूंगरगढ़ one 22 दिसम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ। विधायक सेवा केंद्र पर आयोजित जनसुनवाई में विधायक ताराचंद सारस्वत ने क्षेत्र के गांवों और कस्बे से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी जनसुनवाई में पहुंचे और अपनी समस्याएं सीधे विधायक के सामने रखीं।
लोगों ने पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति में बाधा, जर्जर सड़कों, चिकित्सा सुविधाओं की कमी और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी शिकायतें रखीं। विधायक ने एक-एक कर सभी आवेदनों को देखा और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों का तुरंत समाधान भी कराया गया।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित मामलों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। विधायक सेवा केंद्र आमजन के लिए हमेशा खुला है।
जनसुनवाई में शामिल लोगों ने समस्याओं के समाधान पर संतोष जताया।