नो मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई तीसरे दिन भी जारी, दस्तावेज लेकर पहुंचे लोग
डूंगरगढ़ one 2 जनवरी, 2025 श्रीडूंगरगढ़। कड़ाके की ठंड के बावजूद लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए नागरिक लगातार एसडीएम कार्यालय पहुंच रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग व जिला निर्वाचन अधिकारी बीकानेर के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के नोटिस चरण में विधानसभा क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ में नो मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रही।
उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने बताया कि एसआईआर के परिगणना चरण के दौरान जिन निर्वाचकों की पिछली निर्वाचक नामावली में स्वयं या माता-पिता/दादा-दादी से मैपिंग नहीं हो पाई थी, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे मतदाताओं को अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में बनाए रखने के लिए आयु के अनुसार निर्धारित मूल दस्तावेजों के साथ तय तिथि पर एसडीएम/तहसील कार्यालय श्रीडूंगरगढ़ में उपस्थित होना आवश्यक है।
नायब तहसीलदार (निर्वाचन) रमेश सिंह चौहान ने बताया कि सर्द मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोग निर्धारित भागवार सुनवाई स्थल पर पहुंचकर अपने दस्तावेज जमा करवा रहे हैं। यह नागरिकों की लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता को दर्शाता है।
प्रशासन की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है कि वे सुनवाई के समय नोटिस की प्रति व आयु के अनुसार आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं।
ये दस्तावेज मान्य होंगे
– सरकारी/पीएसयू कर्मचारी या पेंशनभोगी का पहचान पत्र
– 1 जुलाई 1987 से पूर्व जारी सरकारी या अधिकृत संस्थानों के प्रमाण
– जन्म प्रमाण पत्र
– पासपोर्ट
– मैट्रिक या शैक्षणिक प्रमाण पत्र
– स्थायी निवास प्रमाण पत्र
– जाति प्रमाण पत्र
– परिवार रजिस्टर
– भूमि/गृह आवंटन प्रमाण पत्र
– आधार संबंधी दस्तावेज (निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार)
प्रशासन ने संबंधित मतदाताओं से समय पर उपस्थित होकर दस्तावेज जमा कराने की अपील की है, ताकि उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में सुरक्षित रह सके।