डूंगरगढ़ one 12 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में सुरवि चैरिटेबल ट्रस्ट की पहल रंग ला रही है। ट्रस्ट की ओर से इचरज देवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोमासर में आयोजित डेंटल कैंप चरण-2 का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।
कैंप में स्कूली छात्राओं से लेकर ग्रामीणों तक को आधुनिक दंत चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। 64 छात्राओं के दांतों की संपूर्ण जांच कर सफाई की गई, वहीं उन्हें दंत रोगों से बचाव की जानकारी भी दी गई।
शिविर में बेल्जियम से आए दंत विशेषज्ञ डॉ. मर्लिन, डॉ. अनायास और डॉ. लीसा ने विदेशी तकनीक से उपचार किया। इनके साथ सरदारशहर के डॉ. अरविंद (दांतों का अस्पताल) और डूंगरगढ़ के मोहम्मद जफर (बीकानेर मेडिकल स्टोर) का भी सहयोग रहा।
कैंप के दौरान 40 ग्रामीण मरीजों का दर्दरहित उपचार किया गया, जिसमें दांत निकालना, सफाई और अन्य आवश्यक उपचार शामिल रहे। सभी मरीजों को ट्रस्ट की ओर से निःशुल्क दवाइयां भी दी गईं।
ट्रस्ट प्रतिनिधि बाबूलाल गर्ग ने बताया कि शिविर की सफलता में पूरी टीम का योगदान रहा। आयोजन में राजेश रोहिल्ला, संजय सुथार, सांवर मल शर्मा, मदनलाल शर्मा तथा मुंबई से निशि उपाध्याय की सक्रिय भूमिका रही।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलती है।