श्रीडूंगरगढ़ ONE 9 दिसंबर 2025। क्षेत्र में लगातार उठाईगिरों की काली करतूतों से आमजन परेशान हो रहें है। गांव ठुकरियासर से श्रीडूंगरगढ़ के बीच बस में खड़े खड़े सफर कर रहें एक किसान की जेब से 50 हजार रूपए किसी उठाईगिरे ने पार कर लिए।
घटना मंगलवार शाम की है। क्षेत्र के गांव धीरदेसर पुरोहितान निवासी बजरंगराम भूकर ने बताया कि उनके ताऊ का बेटा भाई 45 वर्षीय दुर्गाराम पुत्र गंगाजल भूकर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें हार्ट की तकलीफ हुई और श्रीडूंगरगढ़ से परिजन व गांव के मेडिकल कर्मी धर्माराम उन्हें लेकर बीकानेर पहुंचे। बीकानेर में एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। आईसीयू में दुर्गाराम भर्ती है और बजरंगराम को तुरंत रूपए लेकर पहुंचने की सूचना मिलने पर, वह खेत से 50 हजार रूपए लेकर रवाना हुआ। बजरंगराम ने बताया कि बस में खूब भीड़ थी। वह श्रीडूंगरगढ़ तक खड़े खड़े ही आया। जब श्रीडूंगरगढ़ पहुंचने पर उसे सीट मिली तो वह सीट पर बैठते ही उसे जेब में रूपए नहीं होने की जानकारी हुई। इससे परेशान हुए बजरंग राम ने बस में सवार लोगों से पूछताछ की, परंतु राशि का कुछ पता नहीं चल सका। बजरंग राम ने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीज की मदद के लिए लाए रूपयों का नुकसान हो गया है। परंतु यदि किसी को ये रूपए मिले या किसी को इस बारे में कोई सूचना हो, तो वे 87690 85810 पर संपर्क कर सकते है।